विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोपालगंज में सुबह साढ़े चार बजे पहुंची NIA की टीम, 7 घंटे तक खंगाले दस्तावेज; मानव तस्करी से जुड़ा मामला!

Published: Tue, 25 Aug 2026 09:09 AM (IST)

एनआईए की टीम ने गोपालगंज के तुरकहां गांव में एक दो मंजिले मकान पर करीब सात घंटे तक कार्रवाई की। ...और पढ़ें

मानव तस्‍करी मामले में एनआईए ने की पूछताछ। सांकेत‍िक तस्‍वीर

मानव तस्‍करी मामले में एनआईए ने की पूछताछ। सांकेत‍िक तस्‍वीर

HighLights

  1. एनआईए टीम ने गोपालगंज के तुरकहां गांव में की कार्रवाई।

  2. नुरुल होदा के मकान में करीब सात घंटे तक चली पूछताछ।

  3. मानव तस्करी से जुड़े मामले में जांच की आशंका।

जागरण संवाददाता, गोपालगंज। नगर थाना क्षेत्र के तुरकहां गांव के समीप सोमवार को एक दो मंजिले मकान में एनआईए की टीम के पहुंचने से पूरे इलाके में दिनभर चर्चा बनी रही।

बताया गया कि गुजरात के अहमदाबाद से पहुंची एनआईए की टीम ने नुरुल होदा नामक व्यक्ति के मकान में करीब सात घंटे तक कार्रवाई की। इस दौरान टीम के अधिकारियों ने पूछताछ करने के साथ कई दस्तावेजों को भी खंगाला।

स्थानीय लोगों के अनुसार, एनआईए की टीम सोमवार की सुबह करीब साढ़े चार बजे तुरकहां पहुंची। इसके बाद दो मंजिले मकान में कार्रवाई शुरू की गई, जो करीब 11:30 बजे तक चली।

मानव तस्करी से जुड़े मामले में कार्रवाई की चर्चा

कार्रवाई के दौरान मकान के आसपास लोगों की आवाजाही रोक दी गई थी। स्थानीय लोगों को भी कार्रवाई के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी गई।

बताया जा रहा है कि मानव तस्करी से जुड़े किसी मामले में शिकायत मिलने के बाद एनआईए की टीम यहां पहुंची थी। हालांकि, कार्रवाई के वास्तविक कारण और जांच से जुड़े तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि स्थानीय पुलिस अधिकारियों की ओर से नहीं की गई है।

पुलिस टीम के साथ जवानों की मौजूदगी की चर्चा

कार्रवाई के दौरान नगर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार प्रभाकर के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस की टीम भी मौके पर मौजूद रही।

आसपास के लोगों के बीच एनआईए की टीम के साथ सेना के जवानों के पहुंचने की भी चर्चा रही। हालांकि, इसकी भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी।

करीब सात घंटे तक चली कार्रवाई के कारण इलाके में लोगों की भीड़ और उत्सुकता बनी रही। लोग यह जानने को लेकर चर्चा करते रहे कि एनआईए, स्थानीय पुलिस और अन्य अधिकारियों की टीम किस मामले में कार्रवाई करने पहुंची है। कार्रवाई समाप्त होने के बाद टीम के लौटने पर स्थिति सामान्य हुई।