Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सिवान-वैशाली और भोजपुर के बाद अब अरवल में मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, प्रेम प्रसंग का मामला

    Updated: Fri, 24 Apr 2026 09:03 PM (IST)

    बिहार में प्रेम प्रसंग से जुड़े मामलों में अपनी मांगें मनवाने के लिए मोबाइल या बिजली के टावरों पर चढ़ने का एक खतरनाक चलन शुरू हो गया है। ...और पढ़ें

    सिवान-वैशाली और भोजपुर के बाद अब अरवल में मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती

    सिवान-वैशाली और भोजपुर के बाद अब अरवल में मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, जहानाबाद। बिहार में प्रेम प्रसंग में अपनी जिद पूरी करने के लिए मोबाइल या बिजली के ऊंचे टावर पर चढ़ने का एक खतरनाक ट्रेंड शुरू हो गया है। सिवान, वैशाली, खगड़िया, भोजपुर, गोपालगंज सहित कई जिलों में प्रेमी-प्रेमिकाओं द्वारा शादी या प्रेमी की रिहाई की मांग को लेकर टावर पर चढ़ने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

    घंटों मान मनौव्वल के बाद प्रेमी या प्रेमिका को नीचे उतारा जाता है। यह तरीका न केवल गैर-कानूनी है, बल्कि जानलेवा भी हो सकता है। बिजली के टावरों पर करंट लगने और मोबाइल टावरों से गिरने का भारी जोखिम रहता है।

    अब तक इन घटनाओं में प्रेमी-प्रेमिका को सुरक्षित बचाने में सफलता जरूर मिली है, लेकिन यह प्रवृत्ति कानून-व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती है, जिसके लिए जागरूकता और सख्त कार्रवाई की आवश्यकता है।

    अरवल से सामने आया ताजा मामला

    ताजा मामला अरवल जिले में शुक्रवार को सामने आया। करपी थाना क्षेत्र के रामकिशुन बिगहा में 25 वर्षीय एक युवती चिलचिलाती धूप में मोबाइल टावर पर चढ़ गई, जिसकी ऊंचाई करीब 50 फीट थी। चार घंटे की मशक्कत बाद युवती नीचे उतरी। सुरक्षा के मद्देनजर गांव में बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई थी।

    युवती के पिता ने बताया कि गांव के ही एक युवक के साथ बेटी का प्रेम प्रसंग था, पर सामाजिक दबाव के कारण उसकी शादी दूसरी जगह करनी पड़ी। इसके बावजूद दोनों में प्रेम संबंध खत्म नहीं हुआ। प्रेमी मेरी पुत्री को ससुराल से भगा ले आया और दोनों ने मंदिर में शादी रचा ली। दोनों साथ रहने लगे।

    खबरें और भी

    उन्होंने आगे कहा कि कुछ वर्ष बाद प्रेमी पारिवारिक दबाव में आकर दूसरी शादी की तैयारी करने लगा। इससे आहत मेरी बेटी मोबाइल टावर पर चढ़कर न्याय की गुहार लगाने लगी। वह मोबाइल फोन साथ लेकर टावर पर चढ़ी थी, अरवल एसडीपीओ कृति कमल ने मौके पर पहुंचकर मोबाइल फोन के जरिए उससे लंबी बातचीत की।

    करीब डेढ़ घंटे तक चली बातचीत में एसडीपीओ ने भरोसा दिलाया कि उसे न्याय मिलेगा, जिसके बाद युवती टावर से नीचे उतरी। फिलहाल युवती को करपी थाना में रखा गया है, जहां उसके प्रेमी सह पति और उसके परिवार वालों को बुलाया गया है।

    कई जिलों में सामने आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं

    गोपालगंज जिले में एक युवती प्रेमी की रिहाई की मांग को लेकर ऊंचे टावर पर चढ़ गई थी। पुलिस प्रशासन द्वारा काफी समझाने के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया। वैशाली के महनार क्षेत्र में एक युवती शादी की जिद को लेकर हाईटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गई।

    बिजली की आपूर्ति बंद कर कई घंटों की मशक्कत के बाद उसे नीचे लाया जा सका। खगड़िया जिले में 15 साल की लड़की मोबाइल टावर पर चढ़ गई थी, वह प्रेमी से बात करने की जिद पर अड़ी थी, घरवालों ने उसका फोन छीन लिया था। करीब चार घंटे बाद नीचे उतरी थी।

    भोजपुर जिले में करीब 200 फीट ऊंचे बीएसएनएल टावर पर चढ़कर एक नाबालिग लड़की तपती धूप में घंटों तक वहीं बैठी रही। लड़की की जिद थी कि उसकी शादी उसके प्रेमी से कराई जाए।

    सिवान सहित अन्य जिलों में भी युवाओं द्वारा अपनी मांगें मनवाने के लिए इसी तरह के खतरनाक कदम उठाने की खबरें सामने आ चुकी हैं।