Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार में पुलिस की गाड़ी ने बच्ची को कुचला, मौत के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

    Updated: Mon, 13 Apr 2026 12:59 PM (IST)

    Bihar Road Accident: जहानाबाद के परस बिगहा थाना क्षेत्र में एक चार वर्षीय बच्ची की पुलिस पेट्रोलिंग गाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। बच्ची अपने ननि ...और पढ़ें

    पुलिस गाड़ी की चपेट में आने से मासूम की मौत। (जागरण)

    पुलिस गाड़ी की चपेट में आने से मासूम की मौत। (जागरण)

    HighLights

    1. पुलिस पेट्रोलिंग गाड़ी ने चार वर्षीय बच्ची को रौंदा।

    2. हादसे के बाद पुलिसकर्मी गाड़ी लेकर फरार हुए।

    3. आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

    संवाद सूत्र, रतनी फरीदपुर (जहानाबाद)। गयाजी जिले के अमझर गांव की चार वर्षीय किशोरी कुछ दिन पहले ही अपनी मां के साथ अपने ननिहाल परस बिगहा थाना क्षेत्र के पहाड़ी बीघा गांव आई थी।

    यह गांव शकुराबाद- बभना पथ पर सड़क किनारे बसा है, बच्ची घर से निकलकर सड़क पार कर रही थी, तभी परस बिगहा थाने की पेट्रोलिंग स्कॉर्पियो गाड़ी की चपेट में आ गई।

    हादसे के बाद पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी वहां से फरार हो गई। हादसे में गंभीर रूप से जख्मी बच्ची को स्वजन व ग्रामीण आनन फानन सीएचसी शकुराबाद ले गए, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और उसकी मौत हो गई।

    पीड़ित परिवार ने कहा कि हादसे के तुरंत बाद अगर पुलिस मौके से न भाग कर उसी गाड़ी से बच्ची को अस्पताल पहुंचा देती तो शायद उसकी जान बच सकती थी।

    Jehanabad Girl Killed

    सड़क दुर्घटना में मौत होने के बाद परिजन को समझते डीएसपी मनीष चंद्र चौधरी।

    दरअसल, परस बिगहा थाने की गाड़ी शकुराबाद थाना जाने के लिए निकली थी, परस बिगहा थाना क्षेत्र से कुछ दिन पहले फरार प्रेमी युगल को शकुराबाद पुलिस ने बरामद कर लिया था, जिसे लाने के लिए परस बिगहा पुलिस स्कॉर्पियो से जा रही थी, इसी दौरान हादसा हो गया।

    मासूम बच्ची को रौंदते हुए स्कॉर्पियो गाड़ी शकुराबाद थाना पहुंची और वहां से प्रेमी युगल को साथ लेकर नेहालपुर के रास्ते पुनः परस बिगहा थाने पहुंची। क्योंकि घटनास्थल पर ग्रामीणों का हंगामा शुरू हो गया था और शकुराबाद-बभना पथ पर बच्ची का शव रखकर यातायात बाधित कर दिया गया था।

    उग्र स्वजन व ग्रामीण दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे, उधर स्कॉर्पियो चालक थाने में गाड़ी लगाकर आराम फरमा रहा था।

    दुर्घटना पर कार्रवाई की बाबत पूछने पर परस बिगहा थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित स्वजन की ओर से अगर आवेदन दिया जाता है तो दोषी चालक पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में अभी तक कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ।

    खबरें और भी

    उग्र ग्रामीणों ने बाइक सवार 3 लोगों को पीटा

    हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी। किशोरी की मौत की खबर से सभी ग्रामीण आक्रोशित थे। शकुराबाद- बभना पथ जाम कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे।

    सड़क पर मोटी-मोटी लकड़ी रखकर व ठेला लगाकर आवागमन को पूरी तरह बाधित कर दिया गया था। इसी बीच जहानाबाद की ओर जाने के लिए एक बाइक पर सवार तीन लोग वहां से गुजर रहे थे, जो उग्र ग्रामीणों के कोपभाजन का शिकार बन गए।

    Jehanabad Girl Killed

    घटनास्थल पर बाइक सवार को पीटती भीड़।

    सड़क पार करने के दौरान ग्रामीणों ने लाठी से तीनों पर प्रहार कर दिया और बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी। हमले में बाइक सवार पिंकू कुमार, खुशी कुमार व मंजन कुमार, सभी शकुराबाद थाना क्षेत्र के सावन बिगहा निवासी घायल हो गए।

    पुलिस के आने पर तीनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के समझाने पर भी उग्र लोग सड़क जाम हटाने को तैयार नहीं थे। ग्रामीणों का कहना था कि एक वर्ष पूर्व भी सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई थी, लेकिन उसके स्वजन को अब तक मुआवजा नहीं मिला।

    ऐसे में इस मामले में तुरंत मुआवजा दिया जाए और दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई हो, तभी सड़क जाम हटेगा। पुलिस के वरीय अधिकारियों के द्वारा दो घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ। इसके बाद बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

    करीब दो घंटे बाद सड़क जाम के कारण यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। दोनों तरफ कई वाहन फंसे रहे। बाइक सवार वैकल्पिक मार्गों से किसी तरह अपने गंतव्य तक निकलते नजर आए। सड़क जाम समाप्त होने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली।

    डीएसपी मनीष चंद्र चौधरी ने बताया कि किशोरी सड़क पार कर रही थी, पुलिस की गाड़ी से ठोकर लगने से उसकी मौत हुई है। ग्रामीणों द्वारा कई जगहों पर सड़क जाम किया गया था, जिसकी जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    पुलिस गाड़ी पर हमला मामले में उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी मुझे नहीं मिली है, जांच कर अग्रेत्तर कार्रवाई की जाएगी।

    यह भी पढ़ें- मलबा, चीखें और मातम… एक शाम में उजड़ गई कई जिंदगियां, दिल दहला देगी कटिहार की घटना