विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जहानाबाद: स्मैकरों को पकड़ने गई टाइगर मोबाइल की टीम का एक जवान लापता, अपहरण की आशंका

Published: Fri, 06 Nov 2026 10:52 PM (IST)

जहानाबाद में स्मैक तस्करों को पकड़ने गई टाइगर मोबाइल टीम का एक जवान धनेश्वर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है।

स्मैकरों को पकड़ने गई टाइगर मोबाइल की टीम का एक जवान लापता, अपहरण की आशंका (AI Generated Image)

स्मैकरों को पकड़ने गई टाइगर मोबाइल की टीम का एक जवान लापता, अपहरण की आशंका (AI Generated Image)

जागरण संवाददाता, जहानाबाद। जहानाबाद में स्मैक तस्करों को पकड़ने गई टाइगर मोबाइल की टीम का एक जवान संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। जवान के स्मैक तस्कर गिरोह के सदस्यों द्वारा अपहरण कर लिए जाने की आशंका जताई जा रही है। लापता जवान की पहचान धनेश्वर के रूप में हुई है।

गुरुवार की रात शहर के एसएस कॉलेज के समीप हुई इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस लापता जवान की तलाश में लगातार छापामारी कर रही है।

गुरुवार की रात नगर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि गया जिले के बेलागंज से एक स्मैक सप्लायर जहानाबाद में मादक पदार्थ की खेप पहुंचाने आ रहा है। सूचना के सत्यापन और तस्कर को पकड़ने के लिए टाइगर मोबाइल के तीन जवान एसएस कालेज के समीप पहुंचे।

पुलिसकर्मियों को देखते ही वहां मौजूद सप्लायर और उसके सहयोगियों में अफरातफरी मच गई। बताया जाता है कि जैसे ही जवानों ने सप्लायर को पकड़ने की कोशिश की, स्मैक तस्कर गिरोह के सदस्यों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते पुलिसकर्मियों और तस्करों के बीच हाथापाई और झड़प होने लगी।

इस दौरान टाइगर मोबाइल के दो जवानों ने काफी मशक्कत के बाद बेलागंज से आए मुख्य सप्लायर को पकड़ लिया, जबकि गिरोह के अन्य सदस्य मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। इसी झड़प और अफरातफरी के बीच टाइगर मोबाइल का जवान धनेश्वर अचानक लापता हो गया।

काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। घटना के बाद नगर थाने की पुलिस और टाइगर मोबाइल की टीम मौके पर पहुंची। छानबीन के दौरान लापता जवान की बाइक घटनास्थल के पास लावारिस हालत में मिली, जिसे पुलिस ने बरामद कर थाने पहुंचाया।

गिरफ्तार सप्लायर से पूछताछ, कई हिरासत में

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस लापता जवान की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर छापामारी कर रही है। गिरफ्तार सप्लायर से भी गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने कुछ अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

एसपी कोटा किरण कुमार ने बताया कि बेलागंज से आए स्मैक सप्लायर को पकड़ने के दौरान टाइगर मोबाइल के जवानों और गिरोह के सदस्यों के बीच झड़प हुई थी। इसी दौरान जवान धनेश्वर लापता हो गया। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगी हुई हैं। गिरफ्तार सप्लायर से पूछताछ की जा रही है और कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है।

एसपी ने जल्द ही लापता जवान को बरामद कर लेने की उम्मीद जताई है। फिलहाल, जवान के लापता होने के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस अपहरण समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।