जमुई बैड टच कांड : दोस्त के साथ मड़वा पहाड़ से जिल्लत झेल भागी छात्रा, तो 15 मिनट बाद दरिंदा बनकर आया नंदन यादव
Jamui Minor Harassment Case Inside Story: जमुई में नाबालिग छात्रा से छेड़खानी मामले में पड़ताल से खुलासा हुआ है कि ...और पढ़ें
HighLights
जमुई में नाबालिग छात्रा से बर्बर छेड़खानी की इनसाइड स्टोरी का खुलासा।
मुख्य आरोपी नंदन यादव पुलिस मुठभेड़ में घायल, साथी हरेराम भी जख्मी।
वीडियो वायरल करने वाले तीन समेत कुल आठ आरोपी गिरफ्तार किए गए।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Jamui Minor Harassment Case Inside Story: जिले के मड़वा पहाड़ के समीप दसवीं की नाबालिग छात्रा और उसके सहपाठी छात्र के साथ हुई बर्बर छेड़खानी मामले में दैनिक जागरण की पड़ताल के दौरान एक चौंकाने वाला और बड़ा खुलासा हुआ है। स्थानीय ग्रामीणों से हुई बातचीत में यह बात सामने आई है कि मुख्य दरिंदगी की वारदात से कुछ ही देर पहले भी रास्ते में दोनों छात्र-छात्राओं को रोककर उनके साथ छेड़खानी की गई थी।
पीड़ित किसी तरह खुद को बचाकर आगे निकले ही थे कि मनचलों ने एक सुनियोजित साजिश के तहत फोन कर इलाके के उद्दंड और मुख्य आरोपित नंदन यादव को मौके पर बुला लिया, फिर लगभग 15 मिनट के बाद इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया।

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, गत 19 सितंबर की शाम छात्र-छात्रा फोटोशूट करवाकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सुनसान रास्ते पर पहले से मौजूद मनचलों के एक समूह ने उन्हें रोक लिया और उनके साथ अमर्यादित आचरण शुरू कर दिया।
दोनों किसी प्रकार वहां से बचकर आगे बढ़े, लेकिन मनचलों ने पीछा छोड़ने के बजाय तुरंत मोबाइल पर अपने साथी नंदन यादव को फोन किया और पूरी लोकेशन साझा करते हुए उसे मौके पर पहुंचने को कहा।

सूचना मिलते ही नंदन यादव अपने साथी हरेराम यादव के साथ वहां पहुंच गया। इसके बाद दोनों ने छात्र की बेरहमी से पिटाई की और छात्रा के साथ घिनौनी हरकत (बैड टच) करते हुए उसे जबरन अगवा करने का प्रयास किया।
एनकाउंटर में नंदन को लगी गोली, साथी हरेराम का टूटा पैर
घटना का वीडियो सामने आने के बाद हरकत में आई विशेष जांच दल (एसआईटी) ने तत्परता दिखाते हुए छापेमारी शुरू की। कुंदर बराज के पास हुई मुठभेड़ में पुलिस की आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपित नंदन यादव के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी हरेराम यादव भागने के दौरान गड्ढे में गिरकर पैर टूटने से जख्मी हो गया।
जमुई कांड: अब तक की कार्रवाई का पूरा लेखा-जोखा
छेड़खानी व हमले के आरोपित (कुल 5): मुख्य आरोपित नंदन यादव (एनकाउंटर में गोली लगने से घायल), हरेराम यादव (भागने के दौरान पैर टूटा) और 3 विधि-विरुद्ध बालक (निरुद्ध)।
वीडियो वायरल करने वाले आरोपित (कुल 3): रामाशीष कुमार (अलीगंज, चंद्रदीप - घटनास्थल पर वीडियो बनाने वाला), कुंदन कुमार (औरैया, सोनो) और फैयाज (अड़सार, सदर थाना)।
साइबर सेल की कार्रवाई: वीडियो प्रसारित करने वाले 120 सोशल मीडिया अकाउंट्स चिन्हित।
जांच टीम: एसआईटी, जिला साइबर थाना और सीआईडी (कमजोर वर्ग) विंग।
दोनों को पुलिस अभिरक्षा में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छेड़खानी और हमले के इस मामले में पुलिस ने नंदन और हरेराम के अलावा तीन नाबालिगों को भी निरुद्ध किया है।
-1790143124640.webp)
120 सोशल मीडिया अकाउंट्स चिह्नित, वीडियो फैलाने वाले 3 गिरफ्तार
इधर, पीड़िता की पहचान उजागर करने और आपत्तिजनक वीडियो को इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने वालों के खिलाफ भी पुलिस का कड़ा शिकंजा कस चुका है। साइबर थाना पुलिस ने अब तक ऐसे 120 अकाउंट्स को चिह्नित किया है, जिन्होंने इस आपत्तिजनक वीडियो को अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर साझा किया था।
वीडियो प्रसारित करने के आरोप में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। इनमें चंद्रदीप थाना क्षेत्र के अलीगंज निवासी रामाशीष कुमार, सोनो थाना क्षेत्र के औरैया निवासी कुंदन कुमार और सदर थाना क्षेत्र के अड़सार निवासी फैयाज शामिल हैं। जांच में सामने आया है कि रामाशीष घटना के समय मौके पर मौजूद था और उसी ने सबसे पहले मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड किया था।
-1790143268348.webp)
उच्च स्तर पर मॉनिटरिंग, कुल आठ आरोपित दबोचे गए
इस पूरे प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए सीआईडी (कमजोर वर्ग), डीआईजी और जमुई एसपी स्तर पर लगातार सघन मॉनिटरिंग की जा रही है। पुलिस वीडियो फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अन्य संदिग्धों की पहचान कर रही है।
जिले में अब तक कुल आठ आरोपित कानून की गिरफ्त में आ चुके हैं, जिनमें पांच छेड़खानी व मारपीट की मुख्य घटना में और तीन वीडियो प्रसारित करने के मामले में पकड़े गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वाले और पीड़िता की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
