जमुई: स्कूल में ताला और पेड़ के नीचे पाठशाला, चाबी लेकर गायब रहीं हेडमास्टर; BEO ने दिए कार्रवाई के निर्देश
चकाई के हाता स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में प्रभारी प्रधानाध्यापिका की अनुपस्थिति के कारण स्कूल में ताला लटका रहा, जिससे बच्चों को पेड़ के नीचे पढ़ ...और पढ़ें

दिन के 11:00 बजे तक ताला लटके रहने के बाद विद्यालय के बाहर प्रदर्शन करते अभाविप के दीपक चौधरी एवं छात्र-छात्राएं।
HighLights
प्रभारी प्रधानाध्यापिका की अनुपस्थिति में स्कूल में ताला
छात्र-छात्राओं को पेड़ के नीचे बैठकर करनी पड़ी पढ़ाई
मध्याह्न भोजन ठप, विद्यालय परिसर में गंदगी का अंबार
संवाद सूत्र, चकाई (जमुई)। प्रखंड के हाता शैक्षणिक अंचल अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, हाता में मंगलवार को अव्यवस्था का गंभीर मामला सामने आया। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक की अनुपस्थिति के कारण बुधवार सुबह करीब 11 बजे तक मुख्य भवन में ताला लटका रहा।
इससे छात्र-छात्राओं को विद्यालय भवन के बाहर पेड़ के नीचे बैठकर पढ़ाई करने को मजबूर होना पड़ा। मौके पर सहायक शिक्षक गजला परवीन मौजूद थीं, जबकि प्रभारी प्रधानाध्यापक अनीता कुमारी विद्यालय में उपस्थित नहीं थीं।
आरोप है कि उन्होंने विद्यालय का प्रभार भी किसी अन्य शिक्षक को नहीं सौंपा था। साथ ही रसोई घर की चाबी भी किसी को उपलब्ध नहीं कराई गई, जिस कारण मध्याह्न भोजन का संचालन पूरी तरह ठप रहा।
वहीं, दैनिक जागरण द्वारा ऑन द स्पॉट के तहत निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर के मुख्य प्रवेश द्वार पर गंदगी का अंबार लगा मिला। विद्यालय परिसर की साफ-सफाई की व्यवस्था भी बदहाल दिखी।
विद्यालय में साक्षी कुमारी, सिमरन कुमारी, सिद्धि कुमारी, छोटू कुमार एवं इंदु कुमार सहित कई छात्र-छात्राएं उपस्थित थे, जबकि शिक्षक गजला परवीन पेड़ के नीचे सात-आठ बच्चों को पढ़ाती हुई मिलीं।
रसोइया सावित्री देवी, तारा देवी एवं पार्वती देवी ने बताया कि रसोई घर की चाबी उनके पास नहीं थी। प्रभारी प्रधानाध्यापक द्वारा चाबी नहीं दिए जाने के कारण मध्याह्न भोजन तैयार नहीं किया जा सका।
मामले की जानकारी मिलने पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता दीपक चौधरी एवं सौरव कुमार ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार को दूरभाष पर पूरे मामले से अवगत कराया।
एबीवीपी ने विद्यालय की लापरवाही की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों पर कार्रवाई करने तथा विद्यालय में नियमित पठन-पाठन एवं मध्याह्न भोजन व्यवस्था शीघ्र बहाल करने की मांग की है।
मामले की सूचना दूरभाष के माध्यम से मिली है। इसे गंभीरता से लेते हुए प्रभारी प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है। यदि उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो विभागीय नियमों के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। - संजय कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, चकाई