क्लासरूम में कूलर... और चैन से सो रहीं शिक्षिका, जमुई में सरकारी स्कूल का वीडियो वायरल
गिद्धौर के एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका का कक्षा में कूलर चलाकर सोते हुए वीडियो वायरल हुआ है, जिससे शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। ...और पढ़ें
HighLights
गिद्धौर के स्कूल में शिक्षिका का सोते वीडियो वायरल।
कूलर चलाकर कक्षा में सोती दिखीं प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका।
मामले की जांच कर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
संवाद सूत्र, गिद्धौर (जमुई)। प्रखंड भर में शिक्षा व्यवस्था को सुधारने की कवायद चल रही है, लेकिन यहां एक स्कूल की शिक्षिका का कक्षा में सोने का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने से पठन-पाठन पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्रसारित वीडियो में सेवा पंचायत के प्राथमिक विद्यालय ऊपरी सेवा मुसहरी टोला की एक शिक्षिका कक्षा में कूलर चलाकर सोती नजर आ रही हैं। प्रसारित हो रहे वीडियो की पुष्टि दैनिक जागरण नहीं करता है।
बताया जा रहा है कि किसी अभिभावक ने यह वीडियो बुधवार को बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया। ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि स्कूल अवधि में शिक्षिका के इस तरह आराम करने से नियमित वर्ग संचालन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर प्रश्नचिन्ह लग रहा है।
मामले में प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी निलेश कुमार ने कहा कि प्रसारित वीडियो संज्ञान में आया है। किस स्कूल का वीडियो है और आराम फरमा रही शिक्षिका का पता लगाया जाएगा। अगर मामला सत्य पाया जाता है तो कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।