गिरिडीह बैंक डकैती मामले में जमुई में अपराधियों की लावारिस बाइक बरामद, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही बिहार-झारखंड पुलिस
झारखंड के गिरिडीह में यूको बैंक डकैती में इस्तेमाल की गई एक लावारिस पल्सर बाइक बिहार के जमुई जिले के ...और पढ़ें

Giridih Rajdhanwar Bank Dacoity Bike Recovered Jamui: बरामद बाइक
HighLights
गिरिडीह बैंक डकैती में प्रयुक्त लावारिस बाइक जमुई में बरामद हुई।
बटपार चौक के पास मिली पल्सर बाइक, अपराधियों के बिहार कनेक्शन की आशंका।
बिहार-झारखंड पुलिस संयुक्त रूप से सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही, जांच जारी।
संवाद सूत्र, चंद्रमंडी (जमुई)। Giridih Rajdhanwar Bank Dacoity Bike Recovered Jamui: झारखंड के गिरिडीह जिले के राजधनवार स्थित यूको बैंक में गुरुवार की दोपहर हथियार के बल पर हुई चार करोड़ रुपये से अधिक के सोने और 10 लाख रुपये नकद की सनसनीखेज डकैती के तार बिहार से जुड़ते नजर आ रहे हैं।
वारदात को अंजाम देकर फरार हुए अपराधियों द्वारा इस्तेमाल की गई एक बिना नंबर की पल्सर बाइक बिहार के जमुई जिले के चकाई थाना क्षेत्र अंतर्गत बटपार चौक के पास लावारिस हालत में बरामद की गई है। इस बरामदगी के बाद बिहार और झारखंड, दोनों राज्यों की पुलिस ने संयुक्त रूप से अपराधियों की धरपकड़ के लिए सघन तलाशी व नाकेबंदी अभियान शुरू कर दिया है।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 07:30 बजे चकाई थाना क्षेत्र के कोकहरा रोड (बटपार चौक) के समीप स्थानीय ग्रामीणों की नजर लंबे समय से खड़ी एक लावारिस पल्सर मोटरसाइकिल पर पड़ी। अनहोनी की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना चकाई पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चकाई थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और वाहन को अपने कब्जे में लेकर गिरिडीह पुलिस से संपर्क किया।
सीसीटीवी फुटेज से हुई बाइक की पुष्टि
गिरिडीह पुलिस द्वारा बैंक लूटकांड की वारदात के सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों से मिलान करने पर पुष्टि हुई कि इसी पल्सर बाइक का इस्तेमाल अपराधियों ने राजधनवार बैंक लूट के दौरान भागने के लिए किया था। इसके बाद गिरिडीह पुलिस की टीम जमुई पहुंचकर बाइक को विधिवत जब्त कर अपने साथ ले गई।
बटपार चौक और सीमावर्ती इलाकों के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस
लावारिस बाइक मिलने के बाद गिरिडीह और चकाई पुलिस की टीम ने जमुई के बटपार चौक और सीमावर्ती सड़कों पर लगे कई व्यावसायिक व निजी प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। हालांकि, रात के अंधेरे और सूनसान रास्ते का फायदा उठाकर बाइक किसने और कब वहां पार्क की, इसका स्पष्ट सुराग अभी नहीं मिल पाया है।
आशंका जताई जा रही है कि गिरिडीह में डकैती डालने के बाद अपराधी पुलिस से बचने के लिए बिहार की सीमा में दाखिल हुए और मुख्य मार्ग पर पुलिस की मुस्तैदी देखकर पल्सर बाइक को कोकहरा रोड पर लावारिस छोड़ दिया। इसके बाद वे हुलिया बदलकर या किसी अन्य वाहन के सहारे दूसरे रास्तों से भाग निकले। पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर बारीकी से तफ्तीश कर रही है। चकाई थानाध्यक्ष ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर बिहार-झारखंड सीमा पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
बैंककर्मियों को बंधक बनाकर मुंह पर चिपकाया था टेप
गौरतलब है कि राजधनवार यूको बैंक में गुरुवार दोपहर करीब दो बजे अपराधियों ने बेहद दुस्साहसिक तरीके से डकैती को अंजाम दिया था। चार-पांच की संख्या में आए हथियारबंद अपराधियों ने बैंक मैनेजर, अन्य स्टाफ और वहां मौजूद ग्राहकों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया। विरोध करने पर सभी के साथ मारपीट की गई और बाद में सबके मुंह पर चौड़ा टेप चिपका दिया।
एक आरोपी पहले ही दबोचा गया
अपराधी तिजोरी से चार करोड़ रुपये से अधिक का सोना और कैश काउंटर व वॉल्ट से 10 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए थे। भागने से पहले अपराधियों ने बैंक का मुख्य शटर गिराकर बाहर से ताला लगा दिया था और साक्ष्य मिटाने के लिए अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों और डीवीआर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था।
हालांकि, भागने के दौरान गिरिडीह के जमुआ के पास स्थानीय ग्रामीणों ने बहादुरी दिखाते हुए एक आरोपी को खदेड़कर पकड़ लिया था, जिसके पास से एक अपाचे बाइक बरामद हुई थी। पुलिस अब उस आरोपी और बरामद पल्सर बाइक के चेसिस नंबर व सीडीआर के जरिए गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।