Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जमुई में थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर नदी से अवैध खनन, ट्रैक्टरों पर मिट्टी डाल बालू छिपा रहे तस्कर

    Updated: Wed, 11 Feb 2026 03:49 PM (GMT+05:30)

    जमुई के गिद्धौर में जिला प्रशासन की सख्ती के बावजूद अवैध बालू तस्करी जारी है। उलाई नदी के इमली गाछ घाट से दिनदहाड़े बालू तस्करी का एक वीडियो वायरल हुआ ...और पढ़ें

    नदी से अवैध खनन

    नदी से अवैध खनन

    HighLights

    1. गिद्धौर में अवैध बालू तस्करी का वीडियो वायरल हुआ।

    2. तस्कर बालू छिपाने के लिए ट्रैक्टरों पर मिट्टी डाल रहे।

    3. घाट थाने से मात्र 500 मीटर दूर, पुलिस पर सवाल।

    संवाद सूत्र, गिद्धौर(जमुई)। जिला प्रशासन की सख्ती और लगातार चल रही कवायदों के बावजूद गिद्धौर थाना क्षेत्र में बालू तस्करी थमने का नाम नहीं ले रही है। उलाई नदी के इमली गाछ घाट से दिन के उजाले में हो रही अवैध बालू तस्करी का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, दैनिक जागरण इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता। 

    वायरल वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि मंगलवार की सुबह से ही स्थानीय बालू तस्कर उलाई नदी के इमली गाछ घाट से चार से पांच ट्रैक्टरों में बालू लोड कर, उसके ऊपर मिट्टी डालकर बालू को छिपाने की कोशिश कर रहे हैं। तस्करों का यह नया तरीका देख क्षेत्रवासी भी हैरान हैं। 

    थाना से महज करीब 500 मीटर की दूरी

    गौरतलब है कि इमली गाछ बालू घाट की दूरी गिद्धौर थाना से महज करीब 500 मीटर बताई जा रही है। इसके बावजूद स्थानीय पुलिस-प्रशासन को कथित रूप से चल रही तस्करी की भनक तक नहीं लग पाई, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। 

    स्थानीय लोगों के अनुसार, उलाई नदी के छतरपुर घाट, कलाली पुल घाट, बांधौरा घाट, निचली महुली गांव स्थित नर्सिंग ट्रेनिंग कालेज घाट, भौराटांड़ घाट समेत सोहजना नदी घाट पर भी प्रतिदिन दिन के उजाले में कई ट्रैक्टरों और मजदूरों के माध्यम से बालू तस्करी का खेल खुलेआम जारी है। 

    खबरें और भी

    जिला प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं

    लोगों का कहना है कि इन घाटों पर अब तक जिला प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा सकी है। यह स्थिति तब है जब पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले के सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र में बालू तस्करी पर पूर्ण विराम लगाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। 

    इसके बावजूद गिद्धौर थाना क्षेत्र में स्थानीय तस्करों पर इन आदेशों का कोई असर होता नजर नहीं आ रहा है। तस्कर मानो प्रशासन और पुलिस को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े अवैध खनन और परिवहन में जुटे हुए हैं।

    जिले भर में बालू तस्करी के खिलाफ प्रतिदिन अभियान चलाया जा रहा है। यदि वायरल वीडियो संज्ञान में आता है तो उसकी जांच कराकर संबंधित तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। - केशव कुमार, खनन पदाधिकारी, जमुई