Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जमुई में शिक्षकों की सेवा पुस्तिका अपडेट करने का सख्त आदेश, 15 दिन की समय सीमा

    Updated: Sun, 17 May 2026 03:14 PM (IST)

    जमुई डीईओ ने टीआरई-1, 2, 3 के तहत नियुक्त शिक्षकों की सेवा-पुस्तिका 15 दिनों के भीतर अपडेट करने का सख्त निर्देश दिया है। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image
    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    संवाद सहयोगी, जमुई। टीआरई-1, टीआरई-2 और टीआरई-3 के तहत नियुक्त शिक्षकों की सेवा-पुस्तिका अद्यावधि तक संधारित नहीं होने पर जिला शिक्षा पदाधिकारी दया शंकर ने सख्त रुख अपनाया है।

    उन्होंने 15 मई को सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों और चिन्हित माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को पत्र भेजकर 15 दिनों के अंदर सेवा-पुस्तिका अपडेट कर कार्यालय में जमा करने का निर्देश दिया है।

    जारी इस आदेश से जिले के सैकड़ों शिक्षकों पर असर पड़ेगा। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने पत्र में कहा है कि टीआरई-1, 2, 3 के अंतर्गत नियुक्त कई शिक्षकों-शिक्षिकाओं की सेवा-पुस्तिका अद्यतन नहीं की गई है।

    ऐसे में वर्ग 1 से 8 तक के शिक्षकों की सेवा-पुस्तिका संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक और वर्ग 9 से 12 तक के शिक्षकों की सेवा-पुस्तिका प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी द्वारा संधारित कर हस्ताक्षरोपरांत जमा करनी होगी।

    क्या-क्या करना होगा अपडेट

    सेवा-पुस्तिका में सीएल और एसएल को छोड़कर सभी प्रकार के अवकाश, योग्यता विस्तार और अन्य सेवा संबंधी तथ्यों को अनिवार्य रूप से अंकित करना है। यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी सेवा संबंधी एंट्री छूटे नहीं। अधोहस्ताक्षरी कार्यालय में इस कार्य के लिए कार्यालय अधीक्षक अशोक कुमार को सेवा पुस्तिका संग्रहण एवं वितरण के लिए उत्तरदायी बनाया गया है।

    पहले भी मिल चुके हैं निर्देश

    शिक्षा विभाग की ओर से पहले भी कई बार सेवा-पुस्तिका अपडेट करने के निर्देश दिए जा चुके हैं, लेकिन जमुई में बड़ी संख्या में शिक्षकों की सेवा-पुस्तिका लंबित है। इससे वेतन, प्रोन्नति और सेवानिवृत्ति लाभ में दिक्कत आ रही है। डीईओ ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित प्रधानाध्यापक और बीईओ पर कार्रवाई की जाएगी।

    बीपीएससी शिक्षकों में शुरू हुई हलचल

    आदेश जारी होते ही बीपीएससी शिक्षकों में हलचल तेज हो गई है। कई शिक्षक अपने स्कूल और प्रखंड कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं ताकि उनकी सेवा-पुस्तिका समय पर अपडेट हो सके। विभागीय सूत्रों के अनुसार, जमुई जिले में टीआरई-1, 2, 3 के करीब 1800 शिक्षक कार्यरत हैं, जिनमें से आधे से अधिक की सेवा-पुस्तिका लंबित बताई जा रही है।

    सेवा-पुस्तिका शिक्षक की सेवा का आधारभूत दस्तावेज है। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सभी बीईओ और एचएम को 30 मई तक कार्य पूरा कर प्रतिवेदन देना है।

    -

    दया शंकर, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जमुई

    खबरें और भी