जमुई : अगले आदेश तक इस पैक्स चुनाव हुआ स्थगित, पैक्स अध्यक्ष ने कहा, षडयंत्र हुआ है
जमुई के काकन पैक्स चुनाव में नामांकन प्रक्रिया के दौरान विवाद हो गया। वर्तमान पैक्स अध्यक्ष की पत्नी विभा देवी का नामांकन मतदाता सूची विवाद के कारण स् ...और पढ़ें

प्रखंड पंचायत राज कार्यालय के समक्ष समर्थकों के साथ बैठी काकन पैक्स अध्यक्ष विभा देवी
संवाद सहयोगी, जमुई। पैक्स चुनाव के लिए चल रहे नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन गुरुवार को काकन पैक्स से वर्तमान पैक्स अध्यक्ष सौदागर महतो की पत्नी विभा देवी का नामांकन नहीं लेने से बवाल मच गया। स्वयं पैक्स अध्यक्ष और उनके पति के साथ समर्थकों ने विरोध करना शुरू कर दिया और कई आरोप- प्रत्यारोप लगाते हुए इसे एक सोंची- समझी साजिश और षड्यंत्र करार दिया। नामांकन नहीं होने को लेकर जमकर आक्रोश भी जताया। मतदाता सूची विवाद को लेकर काकन पैक्स चुनाव स्थगित किया गया है। इस संबंध में बिहार राज्य निर्वाचन प्राधिकार द्वारा पत्र जारी कर जानकारी दी गई है।
वर्तमान पैक्स अध्यक्ष विभा देवी ने बताया कि नामांकन स्थगित होने की जानकारी उन्हें नहीं दी गई थी और न ही इस संबंध में किसी प्रकार का पत्र उन्हें मिला था। षड्यंत्र के तहत ऐसा किया गया है, जबकि पैक्स अध्यक्ष के पति सौदागर महतो ने भी अपने विपक्षी पर जमकर हमला बोला। कहा कि जहां, पहले वोटिंग होती थी, बीडीओ द्वारा बूथ को बदल दिया गया है। वर्ष 2021 में भी मध्य विद्यालय काकन ही बूथ था, लेकिन इस बार उसे हटाकर नवीन प्राथमिक विद्यालय काकन मुसहरी कर दिया गया है, उस वक्त वे निर्विरोध जीते थे। मामले में डीएम को आवेदन दिया गया था, एडीएम द्वारा जांच किए जाने की बात कही गई थी, लेकिन अब तक जांच नहीं हुआ है, वो भी क्लियर नहीं हुआ है, आज पता चला है कि आपका नामिनेशन नहीं होगा। काकन पैक्स चुनाव स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने भी षड्यंत्र के तहत नामिनेशन नहीं लेने का आरोप लगाया है।
मतदाता सूची विवाद को लेकर काकन पैक्स चुनाव किया गया है स्थगित
प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिनव मिश्रा ने बताया कि बिहार राज्य निर्वाचन प्राधिकार द्वारा 20 जनवरी की शाम सूचना प्राप्त हुई है कि काकन पंचायत के पैक्स चुनाव को अगले आदेश तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। इसलिए काकन को छोड़कर जमुई प्रखंड के सिर्फ तीन पैक्स का चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी की जा रही है, जिसके लिए 06 फरवरी को निर्वाचन होना है। जब काकन पंचायत के चुनाव को ही स्थगित कर दिया गया है तो नामांकन नहीं लिया जा रहा है। पत्र में मतदाता सूची विवाद के कारण चुनाव स्थगित होने की जानकारी दी गई है। प्राधिकार का गाइडलाइन फालो करना हमारा कर्तव्य है, जो भी प्राधिकार का दिशा- निर्देश होगा उसका हमलोग पालन करेंगे।