जमुई में सरस्वती विसर्जन के दौरान बवाल, दो पक्षों के बीच पत्थरबाजी और आगजनी से दहशत; पुलिस बल तैनात
जमुई के हरनी गांव में सरस्वती प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई। कहासुनी पथराव और आगजनी में बदल गई, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई ...और पढ़ें
HighLights
सरस्वती विसर्जन के दौरान जमुई में हिंसक झड़प हुई।
पथराव और आगजनी से गांव में अफरा-तफरी मची।
पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया, बल तैनात।
संवाद सहयोगी, जमुई। जिले के गरही थाना क्षेत्र अंतर्गत हरनी गांव में सरस्वती प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प की घटना सामने आई है। घटना में पथराव के साथ-साथ आगजनी भी की गई, जिससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया।
बताया जाता है कि सरस्वती प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो पक्षों के लोगों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते पथराव में तब्दील हो गई। इस दौरान घटनास्थल के समीप रखे गए पुंज (भूसे के ढेर) में आग लगा दी गई। आरोप है कि फूस से बने एक घर में भी आगजनी की गई।
घटना की सूचना ग्रामीणों द्वारा डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद 112 की टीम और गरही थानाध्यक्ष विपिन चंद्र पालटा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से कुल पांच लोगों को हिरासत में लिया है।
थानाध्यक्ष विपिन चंद्र पालटा ने बताया कि स्थिति बिगड़ते देख गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।