जमुई में टोला सेवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका पर जांच तेज
जमुई के फतेहपुर गांव में नल-जल योजना की टंकी के पास टोला सेवक मिथुन मांझी का शव मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। ...और पढ़ें
-1783600733233_m.webp)
HighLights
फतेहपुर गांव में टोला सेवक मिथुन मांझी का शव मिला।
सिर पर चोट के निशान, पत्नी ने हत्या की आशंका जताई।
पुलिस और एफएसएल टीम मामले की गहन जांच कर रही।
संवाद सहयोगी, जमुई/खैरा। जिले के गरही थाना क्षेत्र अंतर्गत फतेहपुर गांव में गुरुवार की दोपहर नल-जल योजना की पानी टंकी के समीप बने कमरे से एक युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान फतेहपुर निवासी मिथुन मांझी (35) के रूप में हुई है।
वह उत्क्रमित मध्य विद्यालय पंचपहाड़ी में टोला सेवक के पद पर कार्यरत था। सूचना मिलते ही गरही थानाध्यक्ष विपिन चंद्र पालटा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मृतक के सिर के पिछले हिस्से पर चोट के निशान पाए गए हैं। इसके बाद पत्नी शकुंतला देवी ने पति की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। उसका कहना था कि वह अपने बच्चों के साथ मायके में थी। गुरुवार की सुबह घर लौटी तो पति घर पर नहीं थे।
खोजबीन करने पर घर से कुछ दूर नल जल योजना के पानी टंकी के समीप बने कमरे में उनका शव पड़ा मिला। बताया कि उनके पति की मौत सामान्य परिस्थितियों में नहीं हो सकती। उसने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मिथुन अपने पीछे तीन पुत्रियों और एक पुत्र को छोड़ गया है। उसकी मौत से परिवार पर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा है। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि मिथुन की मौत दो से तीन दिन पहले हुई होगी।
खबरें और भी
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और स्वजन के बयान के आधार पर भी मामले की पड़ताल जारी है।