'ए मैडम सुनिए न.. कौन मॉडल है', रवि किशन का FB लाइव में लेडी कॉन्स्टेबल से सवाल; बिहार का वीडियो वायरल
गिद्धौर में वाहन जांच के दौरान एक युवक ने महिला सिपाही से राइफल के मॉडल के बारे में पूछा और उसे हाथ में लेने की जिद की, जिसका वीडियो वायरल हो गया है। ...और पढ़ें

'ए मैडम सुनिए न.. कौन मॉडल है', रवि किशन का FB लाइव में लेडी कॉन्स्टेबल से सवाल (स्क्रीनग्रैब)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, गिद्धौर (जमुई)। गिद्धौर-झाझा मुख्य मार्ग पर गुरुवार की सुबह थाना के समीप चल रहे वाहन जांच अभियान के दौरान एक दिलचस्प, लेकिन चिंताजनक मामला सामने आया है। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, थानाध्यक्ष राशि मलिक की निगरानी में वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान ‘रवि किशन’ नामक फेसबुक आईडी से एक यूजर द्वारा अभियान का लाइव प्रसारण किया जाने लगा।
वीडियो में देखा जा रहा है कि उक्त युवक ड्यूटी पर तैनात एक महिला सिपाही से लगातार बातचीत करने का प्रयास कर रहा है। महिला सिपाही ने उसे ड्यूटी का हवाला देकर हटने को कहा, लेकिन इसके बावजूद वह युवक बार-बार सवाल करता रहा।
युवक ने राइफल के मॉडल के बारे में पूछा
वीडियो में वह सिपाही से राइफल के मॉडल के बारे में पूछते और यहां तक कि कुछ देर के लिए राइफल अपने हाथ में लेने की बात करते भी नजर आ रहा है। इस दौरान महिला सिपाही असहज दिखी। वीडियो के वायरल होने के बाद लोग पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं।
थानाध्यक्ष ने कार्रवाई क्यों नहीं की?
उनका कहना है कि जब मौके पर थानाध्यक्ष मौजूद थीं तो इस तरह की हरकत पर तत्काल कार्रवाई क्यों नहीं की गई। हालांकि, ‘दैनिक जागरण’ इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
वहीं, क्षेत्र में इन दिनों इंटरनेट मीडिया पर फर्जी आईडी के जरिये आपत्तिजनक पोस्ट और अफवाह फैलाने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं, जिससे माहौल प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है।
प्रसारित हो रहा वीडियो संज्ञान में नहीं आया है। यदि ऐसा मामला सामने आता है तो गिद्धौर पुलिस से बात कर जांच कराई जाएगी और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। - मु. आफताब अहमद, एसडीपीओ, सदर, जमुई