झाझा में स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने क्यों साधा मौन? श्रेयसी सिंह को क्यों नहीं मिला बोलने का मौका; उठे सवाल, लोग नाराज
झाझा में सरदार पटेल की प्रतिमा अनावरण पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार का संक्षिप्त भाषण लोगों को निराश कर गया, ...और पढ़ें

सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में पहुंचे थे स्वास्थ्य मंत्री; पहली बार झाझा आने पर जुटी थी भारी भीड़
HighLights
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार का भाषण रहा बेहद संक्षिप्त।
स्थानीय लोग स्वास्थ्य मुद्दों पर घोषणाओं की कर रहे थे उम्मीद।
खेल मंत्री श्रेयसी सिंह को बोलने का अवसर नहीं मिला।
संवाद सूत्र, झाझा (जमुई)। झाझा में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की नवनिर्मित आदमकद प्रतिमा के अनावरण समारोह को लेकर क्षेत्रवासियों में जबर्दस्त उत्साह देखा गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के आगमन को लेकर लोगों में विशेष उत्सुकता थी। खासकर बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के पहली बार झाझा की धरती पर पहुंचने को लेकर स्थानीय जनता में भारी कौतूहल था। हजारों की संख्या में लोग उन्हें देखने और उनका भाषण सुनने के लिए समारोह स्थल पर जुटे थे।
झाझा और जमुई जिले के लोगों को उम्मीद थी कि युवा स्वास्थ्य मंत्री अपने भाषण में इलाके के लचर स्वास्थ्य ढांचे, अस्पतालों के उन्नयन और नई योजनाओं पर खुलकर बात करेंगे। साथ ही, लोगों को यह भी अपेक्षा थी कि वे अपने पिता व पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तरह मंच से प्रभावशाली, तार्किक और कड़क भाषण देंगे।
चंद पलों में खत्म हुआ संबोधन, नमन कर छोड़ दिया माइक
हालांकि, जब स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को मंच से जनसभा को संबोधित करने के लिए आमंत्रित किया गया, तो उनका अंदाज बेहद संक्षिप्त रहा। उन्होंने अपने संक्षिप्त वक्तव्य में केवल लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के विराट व्यक्तित्व और देश की एकता में उनके योगदान की संक्षेप में चर्चा की। इसके बाद महानायक को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उन्होंने अपना संबोधन समाप्त कर दिया।
निशांत कुमार के इस बेहद संक्षिप्त और औपचारिक भाषण को सुनकर पांडाल में मौजूद श्रोताओं और स्थानीय कार्यकर्ताओं में स्पष्ट रूप से मायूसी देखी गई। स्वास्थ्य विभाग से जुड़े विकास कार्यों की घोषणाएं और योजनाओं का ब्योरा बाद में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को अपने मुख्य संबोधन में रखना पड़ा।
खेल मंत्री श्रेयसी सिंह को नहीं मिला बोलने का मौका
कार्यक्रम में समय की कमी के चलते मंच पर मौजूद राज्य की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह और पीएचईडी (लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण) मंत्री संजय सिंह को संबोधन का अवसर भी नहीं मिल सका।
इस भव्य समारोह की अध्यक्षता बिहार सरकार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने की। मंच पर मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार, मुंगेर प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम कुमार मीणा, डीआईजी राकेश कुमार, जमुई के जिलाधिकारी नवीन कुमार, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल सहित कई आला प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
लंबे भाषण और वादों की आस में लौटे लोग
समारोह के समापन के बाद कार्यक्रम स्थल से लौट रहे लोगों के बीच स्वास्थ्य मंत्री के भाषण की ही चर्चा रही। स्थानीय लोगों का कहना था कि पहली बार झाझा आगमन पर उन्हें उम्मीद थी कि मंत्री जी क्षेत्र के स्वास्थ्य मुद्दों पर विस्तार से कुछ ठोस घोषणाएं करेंगे, लेकिन उनके अति-संक्षिप्त संबोधन से लोगों की यह उम्मीद पूरी नहीं हो सकी।
