Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जमुई के झाझा में हिंसक झड़प: सड़क पर चले हथियार, CSP में तोड़फोड़; दोनों पक्षों के अपने-अपने दावे

    Updated: Fri, 17 Jul 2026 03:55 PM (IST)

    झाझा के बरमसिया गांव में छेड़छाड़ के विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने एक आरोपी सावन ठाकुर को गिरफ्तार कर ...और पढ़ें

    छेड़छाड़ के विवाद में खूनी संघर्ष, दो पक्षों में जमकर मारपीट (AI Generated Image)

    छेड़छाड़ के विवाद में खूनी संघर्ष, दो पक्षों में जमकर मारपीट (AI Generated Image)

    HighLights

    1. झाझा में छेड़छाड़ के विवाद पर दो पक्षों में झड़प।

    2. हिंसक संघर्ष में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए।

    3. पुलिस ने एक आरोपी सावन ठाकुर को गिरफ्तार किया।

    संवाद सूत्र, झाझा (जमुई)। थाना क्षेत्र के बरमसिया गांव के समीप दो पक्षों के बीच हुए हिंसक संघर्ष में कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाना में केस दर्ज कराया है।

    पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चितोचक गांव के आरोपित सावन ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है।

    चितोचक गांव के पीड़ित विक्की कुमार ने बताया कि 13 जुलाई को गांव की एक महिला के साथ बरमसिया गांव के समीप हुई छेड़छाड़ और मारपीट के मामले में वह आरोपित के घर शिकायत करने गया था।

    इसी बात को लेकर 16 जुलाई की दोपहर वह अपने पिता मनोज राम और चाचा रविन राम के साथ बाजार से घर लौट रहे थे।

    बरमसिया गांव के समीप पहले से घात लगाए बैठे चितोचक गांव के सावन ठाकुर, सूरज कुमार एवं गुलशन ठाकुर तथा बरमसिया गांव के नागेश्वर ठाकुर एवं धीरेंद्र यादव ने लोहे की राड, टांगी, भुजाली व हथियार के साथ हमला कर दिया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। विक्की के सिर में गंभीर चोट आई।

    पीड़ित ने आरोप लगाया है कि आरोपितों ने उसकी जेब से 20 हजार रुपये नकद छीन लिए और जान से मारने की धमकी दी।

    वहीं, दूसरे पक्ष के सावन ठाकुर ने बताया कि वह बरमसिया गांव में किराये के मकान में बिहार ग्रामीण बैंक का सीएसपी संचालित करता है। 15 जुलाई की दोपहर मनोज राम, विक्की राम और रविन राम शराब के नशे में उसके सीएसपी केंद्र पर पहुंचे और लोहे की राड से हमला कर दिया।

    हमले में वह घायल हो गया तथा सीएसपी केंद्र में तोड़फोड़ की गई। उसने आरोप लगाया कि गल्ले से 50 हजार रुपये निकाल लिए गए तथा लैपटाप, प्रिंटर और पासबुक प्रिंटर को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई।

    थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों पक्षों के आवेदन पर अलग-अलग केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है। अब तक एक आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापामारी कर रही है।

    खबरें और भी