झाझा रूट पर नवंबर अंत तक दौड़ेंगी 15 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें, बंगाल-यूपी और पंजाब के यात्रियों को सुविधा
रेलवे ने छठ पर्व और अन्य त्योहारों के बाद यात्रियों की वापसी को आसान बनाने के लिए झाझा रेलखंड से 15 जोड़ी विशेष ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है।

त्योहारों के बाद यात्रियों की सुविधा के लिए झाझा रेलखंड से गुजरेंगी 15 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें
HighLights
छठ पर्व के बाद यात्रियों की सुविधा हेतु 15 विशेष ट्रेनें।
झाझा रेलखंड से होकर नवंबर में चलेंगी ये अतिरिक्त ट्रेनें।
लंबी दूरी के यात्रियों को भीड़ से राहत मिलेगी।
संवाद सूत्र, बोड़वा (जमुई)। छठ पर्व और अन्य त्योहारों के बाद यात्रियों की वापसी तथा लंबी दूरी की यात्रा को आसान बनाने के लिए रेलवे ने झाझा रेलखंड से होकर गुजरने वाली 15 जोड़ी विशेष ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है।
इन ट्रेनों का संचालन नवंबर के अलग-अलग दिनों में निर्धारित समय-सारणी के अनुसार किया जाएगा। इससे बिहार आने-जाने वाले यात्रियों के साथ पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, पंजाब और अन्य राज्यों की यात्रा करने वालों को भी अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।
रेलवे की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, मऊ-कोलकाता और कोलकाता-मऊ विशेष ट्रेनें क्रमशः प्रत्येक बुधवार और गुरुवार को 25 और 26 नवंबर तक चलेंगी।
लालकुआं-कोलकाता ट्रेन प्रत्येक गुरुवार को 26 नवंबर तक तथा वापसी में कोलकाता-लालकुआं ट्रेन प्रत्येक शनिवार को 28 नवंबर तक परिचालित होगी। इसी क्रम में वीरांगना लक्ष्मीबाई (झांसी)-आसनसोल विशेष ट्रेन प्रत्येक बुधवार और रविवार को 29 नवंबर तक चलेगी।
वहीं, आसनसोल-झांसी ट्रेन प्रत्येक गुरुवार और सोमवार को 30 नवंबर तक यात्रियों को सेवा देगी। सियालदह-गोरखपुर और गोरखपुर-सियालदह विशेष ट्रेनों का परिचालन भी निर्धारित साप्ताहिक दिनों में नवंबर के अंतिम सप्ताह तक जारी रहेगा।
इसके अलावा आसनसोल-गोरखपुर और गोरखपुर-आसनसोल ट्रेनें क्रमशः शुक्रवार और शनिवार को 27 और 28 नवंबर तक चलेंगी।
वहीं, सियालदह-बलिया विशेष ट्रेन 11 नवंबर तथा बलिया-सियालदह ट्रेन 12 नवंबर को चलेगी। हावड़ा-गोरखपुर विशेष ट्रेन 11, 13 और 14 नवंबर को, जबकि गोरखपुर-हावड़ा ट्रेन 12, 14 और 15 नवंबर को परिचालित होगी।
दूसरी ओर, नरकटियागंज-मुजफ्फरपुर-समस्तीपुर-बरौनी-किऊल-झाझा रेलमार्ग से अमृतसर-कोलकाता विशेष ट्रेन प्रत्येक बुधवार को 25 नवंबर तक तथा कोलकाता-अमृतसर ट्रेन प्रत्येक शनिवार को 28 नवंबर तक चलेगी।
कोलकाता-गोरखपुर विशेष ट्रेन 13 नवंबर और गोरखपुर-कोलकाता ट्रेन 14 नवंबर को परिचालित होगी।
रेलवे की इस पहल से त्योहारों के दौरान नियमित ट्रेनों में भीड़ के बीच यात्रियों को सफर के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे। खासकर झाझा होकर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों को इन विशेष ट्रेनों से राहत मिलने की उम्मीद है।