दुल्हन आई, शादी हुई… फिर कहां हो गई गायब? राजस्थान का दूल्हा करता रह गया इंतजार
भभुआ में शादी के नाम पर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। राजस्थान के हनुमानगढ़ से आए एक परिवार को दुल्हन और उसके साथियों ने ठग लिया। ...और पढ़ें

भभुआ में शादी के नाम पर ठगी। प्रतीकात्मक फोटो
जागरण संवाददाता, भभुआ। शादी के नाम पर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला भभुआ थाना क्षेत्र में सामने आया है, जहां राजस्थान के एक परिवार को दुल्हन और उसके सहयोगियों ने फिल्मी अंदाज में ठग लिया।
कोर्ट परिसर में शादी रचाने के कुछ ही देर बाद दुल्हन अपने साथियों के साथ फरार हो गई। इसके बाद दूल्हा थाने पहुंचा और पुलिस से गुहार लगाई।
राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के टाउन थाना क्षेत्र निवासी स्व. सूरज मल अग्रवाल के पुत्र लालचंद्र अग्रवाल ने थाना में दिए आवेदन में बताया कि वह 2 अप्रैल को अपने 31 वर्षीय पुत्र मनुज अग्रवाल के साथ भभुआ कोर्ट पहुंचे थे।
शपथ पत्र बनवाने के बाद मंदिर में हुई शादी
यहां शपथ पत्र बनवाने के बाद परिसर स्थित मंदिर में रोहतास जिले के सदोखर निवासी किसुन तिवारी की 22 वर्षीय पुत्री डिंपल कुमारी से विधिवत विवाह कराया गया।
पीड़ित के अनुसार, शादी के दौरान उन्होंने अपनी बहू को 17 हजार रुपये की साड़ियां, तीन हजार का सूट और पांच हजार रुपये के कॉस्मेटिक सामान दिए।
इसके अलावा शादी की व्यवस्था के नाम पर यूपी के चंदौली जिले के दाउदपुर निवासी राममूरत राम के पुत्र जितेंद्र कुमार को 1.30 लाख रुपये भी दिए गए। जितेंद्र कुमार और उसकी पत्नी महिमा ने ही इस शादी की पूरी व्यवस्था कराई थी।
शादी होते ही दुल्हन और उसके भाई फरार
शादी के बाद दुल्हन के कथित भाई प्रदीप सिंह, अजीत सिंह, उनके दोस्त राजू और एक रिश्तेदार (मौसा) के साथ मिलकर दुल्हन अचानक फरार हो गई।
भागने के दौरान आरोपी अपनी एक बाइक मौके पर छोड़ गए, जिसे लेकर पीड़ित थाना पहुंचा। पीड़ित ने बताया कि दुल्हन ने अपनी मौसी का घर भभुआ बस स्टैंड के पास बताया था, लेकिन अब सभी आरोपी फरार हैं। इस घटना के बाद परिवार सदमे में है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में आवेदन प्राप्त हुआ है और पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है। बता दें कि ऐसा ही कुछ मामला रोहतास से भी सामने आया था।