कैमूर में पेट्रोल डालकर जलाए गए आर्मी जवान शत्रुधन यादव की मौत, ग्रामीणों ने किया पांच घंटे सड़क जाम
आर्मी जवान शत्रुधन यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिन्हें पांच दिन पहले रामगढ़ में स्कार्पियो में बंद कर पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश की गई थी।

मौत की खबर मिलते ही सड़क पर उतरे ग्रामीण
HighLights
आर्मी जवान शत्रुधन यादव की इलाज के दौरान मौत।
पांच दिन पहले रामगढ़ में पेट्रोल डालकर जलाने का प्रयास।
कैमूर में ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
संवाद सूत्र, रामगढ़(कैमूर)। रामगढ़ थाना क्षेत्र के सहुका गांव निवासी आर्मी जवान शत्रुधन यादव की बुधवार देर शाम इलाज के दौरान मौत हो गई। पांच दिन पूर्व रामगढ़ में ही आरोपितों ने उन्हें स्कार्पियो में बंद कर पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश की थी। गंभीर रूप से झुलसे जवान को वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया था।
वहां स्थिति चिंताजनक देख उन्हें लखनऊ आर्मी अस्पताल रेफर कर दिया गया था। लखनऊ में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
सात आरोपितों में तीन जेल भेजे गए, चार की तलाश
पुलिस के अनुसार, घटना में कुल सात आरोपित शामिल हैं। इनमें से तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि चार अन्य अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
बताया गया कि रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद इस घटना को अंजाम दिया गया था। जवान की मौत के बाद मामले में पुलिस पर कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठने लगे।
मौत की खबर मिलते ही सड़क पर उतरे ग्रामीण
शत्रुधन यादव की मौत की खबर मिलते ही सहुका गांव के ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग पैदल नारेबाजी करते हुए रामगढ़ पहुंचे और दुर्गा चौक पर सड़क जाम कर दिया।
प्रदर्शनकारी पुलिस प्रशासन के विरुद्ध नारे लगा रहे थे और घटना में शामिल आरोपितों को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे थे। कुछ समर्थक रामगढ़ थाने का घेराव करने भी पहुंच गए।
पांच घंटे तक चला धरना-प्रदर्शन, पुलिस बल तैनात
स्थिति को देखते हुए रामगढ़ में पुलिस प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी। चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई। एसडीएम और डीएसपी पुलिस प्रशासन के साथ मौके पर कैंप करते रहे।
सड़क जाम और प्रदर्शन के कारण करीब पांच घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया।
एसपी के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ प्रदर्शन
एसपी शिखर चौधरी ने दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई और थानाध्यक्ष के संबंध में जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने धरना समाप्त कर दिया।
करीब पांच घंटे बाद सड़क पर यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी। पुलिस अब फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।
पांच दिन पहले स्कार्पियो में बंद कर जलाने का आरोप
बताया गया कि करीब पांच दिन पहले आर्मी जवान शत्रुधन यादव को रामगढ़ में बुलाया गया था। आरोप है कि उन्हें स्कार्पियो के अंदर बंद कर पेट्रोल डालने के बाद आग लगा दी गई।
गंभीर रूप से झुलसने के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे रुपये के लेनदेन का विवाद बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।