भभुआ में बिजली विभाग का बड़ा एक्शन: मीटर से छेड़छाड़ करने वाले 250 लोगों पर केस, 350 की कटी बत्ती
बिहार सरकार की 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना के बावजूद बिजली चोरी जारी है, जिससे विभाग को राजस्व का नुकसान हो रहा है। विद्युत विभाग ने 250 उपभोक्ताओं पर ...और पढ़ें

मीटर से छेड़छाड़ करने वाले 250 लोगों पर केस, 350 की कटी बत्ती (AI Generated Image)
HighLights
बिहार में 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना लागू।
बिजली चोरी के आरोप में 250 पर FIR दर्ज।
350 बड़े बकाएदारों के बिजली कनेक्शन काटे गए।
जागरण संवाददाता, भभुआ। बिहार सरकार द्वारा घरेलू उपभोक्ताओं को प्रतिमाह 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने की योजना लागू किए जाने के बावजूद बिजली चोरी नहीं रुक रही है। सरकार की इस जनकल्याणकारी योजना का उद्देश्य गरीब, निम्न आय वर्ग एवं मध्यम वर्गीय परिवारों को राहत पहुंचाना है, ताकि उन्हें बिजली बिल के आर्थिक बोझ से मुक्ति मिल सके।
इसके बावजूद कई उपभोक्ता अब भी अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर रहे हैं, जिससे विद्युत विभाग को राजस्व क्षति का सामना करना पड़ रहा है।
बिजली चोरी और बकाया वसूली के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत विद्युत विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक 250 विद्युत उपभोक्ताओं के विरुद्ध प्राथमिकी कराई है।
इन उपभोक्ताओं पर बिजली की गलत खपत दर्शाने, मीटर से छेड़छाड़ करने तथा अवैध रूप से बिजली उपयोग करने के आरोप पाए गए हैं। वहीं, विभाग ने बड़े बकाएदारों के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए 350 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए कनीय विद्युत अभियंता रमाकांत सिंह ने बताया कि बिहार सरकार द्वारा शुरू की गई 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना का लाभ घरेलू उपभोक्ताओं को मिल रहा है। इसके बावजूद कुछ लोग नियमों की अनदेखी कर अवैध तरीके से बिजली का उपयोग कर रहे हैं, जिसके विरुद्ध विभाग लगातार अभियान चला रहा है।
उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग की टीमें नियमित रूप से विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चला रही हैं। जांच के दौरान मीटर की स्थिति, बिजली खपत का रिकार्ड तथा अवैध कनेक्शन की पड़ताल की जा रही है।
जहां कहीं भी बिजली चोरी या अनियमितता सामने आ रही है, वहां संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगे भी यह अभियान जारी रहेगा और बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाये जाएंगे।