विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

5 अरब की वसूली के लिए सख्त एक्शन; कैमूर में 5068 कर्जदारों पर पुलिस कार्रवाई की तैयारी, गिरफ्तारी वारंट

Published: Fri, 07 Aug 2026 11:29 AM (IST)

कैमूर जिले में बैंकों और विभागों के 5068 कर्जदारों के खिलाफ 5 अरब रुपये से अधिक की वसूली के लिए ...और पढ़ें

कैमूर में कर्जदारों पर कसा शिकंजा। सांकेतिक तस्वीर

कैमूर में कर्जदारों पर कसा शिकंजा। सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. 5068 कर्जदारों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी.

  2. 5 अरब से अधिक की बकाया राशि वसूलनी है.

  3. पुलिस अधीक्षक को कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया.

जागरण संवाददाता, भभुआ। जिले के विभिन्न बैंकों और अन्य विभागों से कर्ज लेने के बाद राशि जमा नहीं करने वाले लोगों के खिलाफ नीलाम पत्र वाद की कार्रवाई की गई है।

वाद दायर होने के बाद संबंधित कर्जदारों को सुनवाई के लिए कई बार नोटिस भेजा गया, लेकिन इसके बावजूद उपस्थित नहीं होने पर एक्शन लिया गया है। 

नीलाम पत्र पदाधिकारियों की ओर से जिले के 5068 कर्जदारों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट और 183 लोगों के खिलाफ डिस्ट्रेस वारंट जारी किया गया है। इन सभी पर कुल 5 अरब 2 करोड़ 19 लाख 93 हजार रुपये की राशि बकाया है।

जानकारी के अनुसार, वारंट जारी होने के बाद भी कई मामलों में संबंधित थानों की ओर से गिरफ्तारी की कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे सरकार और बैंकों की बकाया राशि की वसूली प्रभावित हो रही है। कर्जदारों की गिरफ्तारी के लिए जिला नीलाम पत्र पदाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) को पत्र लिखा है।

नोटिस के बाद भी नहीं पहुंचे तो जारी हुआ वारंट

अधिकारियों के अनुसार, बैंक से लिए गए कर्ज या सरकार का राजस्व समय पर जमा नहीं करने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ राशि वसूली के लिए नीलाम पत्र वाद दायर किया जाता है। इसके बाद कर्जदार को नोटिस भेजकर सुनवाई का मौका दिया जाता है।

यदि नोटिस के बाद भी संबंधित व्यक्ति न तो बकाया राशि जमा करता है और न ही सुनवाई के दौरान उपस्थित होता है, तो नीलाम पत्र वाद पदाधिकारी की ओर से गिरफ्तारी वारंट जारी किया जाता है।

एसपी को कार्रवाई के लिए भेजा गया पत्र

जिला नीलाम पत्र वाद पदाधिकारी उज्ज्वल कुमार ने बताया कि जिले के 19 नीलाम पत्र पदाधिकारियों की ओर से सुनवाई के बाद 5068 कर्जदारों के खिलाफ बॉडी वारंट और 183 लोगों के खिलाफ डिस्ट्रेस वारंट जारी किया गया है। वारंटियों की गिरफ्तारी और बकाया राशि की वसूली के लिए एसपी को पत्र भेजा गया है।

थाना क्षेत्रवार लंबित गिरफ्तारी वारंट 

  • भभुआ : 885
  • सोनहन : 245
  • बेलांव : 159
  • करमचट : 76
  • भगवानपुर : 333
  • अधौरा : 50
  • चांद : 561
  • चैनपुर : 530
  • दुर्गावती : 426
  • मोहनियां : 378
  • रामगढ़ : 348
  • नुआंव : 175
  • कुदरा : 747
  • कुछिला : 19

इसके अलावा जिले के सभी थाना क्षेत्रों में 183 लोगों के खिलाफ डिस्ट्रेस वारंट की कार्रवाई की गई है। अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई पूरी होने के बाद बकाया राशि की वसूली में तेजी आने की उम्मीद है।