विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कैमूर के पुसौली स्टेशन पर रुकेंगी बुद्ध पूर्णिमा और पटना-भभुआ इंटरसिटी? रेल मंत्री से म‍िले सांसद

Published: Mon, 17 Aug 2026 12:55 PM (IST)

राज्यसभा सांसद शिवेश कुमार ने पुसौली रेलवे स्टेशन पर बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस और पटना-भभुआ इंटरसिटी एक्सप्रेस के ठहराव के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्‍णव को पत्र सौंपते राज्‍यसभा सदस्‍य श‍िवेश कुमार। सौ-सांसद

रेल मंत्री अश्विनी वैष्‍णव को पत्र सौंपते राज्‍यसभा सदस्‍य श‍िवेश कुमार। सौ-सांसद

HighLights

  1. सांसद शिवेश कुमार ने रेल मंत्री से की मुलाकात।

  2. पुसौली स्टेशन पर दो ट्रेनों के ठहराव की मांग।

  3. कोरोना काल से बंद ठहराव बहाल करने की अपील।

संवाद सूत्र, कुदरा (भभुआ)। पुसौली रेलवे स्टेशन पर बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस और पटना-भभुआ इंटरसिटी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग एक बार फिर तेज हो गई है।

ग्रामीणों की मांग पर राज्यसभा सदस्‍य शिवेश कुमार ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर दोनों ट्रेनों का ठहराव पुसौली स्टेशन पर शुरू कराने का आग्रह किया।

सांसद ने इस संबंध में रेल मंत्री को पत्र भी सौंपा। सांसद द्वारा रेल मंत्री को दिए गए पत्र में कहा गया है कि पुसौली रेलवे स्टेशन आसपास के करीब 25 हजार लोगों के आवागमन का प्रमुख केंद्र है।

जिले के घटांव, बहेरा, भदौला, भिट्टी, मिरियां और कैथी आदि पंचायतों के ग्रामीणों के लिए यह स्टेशन आवागमन का महत्वपूर्ण साधन है।

पत्र में कहा गया है कि कोरोना काल से पहले 15137 अप एवं 15138 डाउन बुद्धपूर्णिमा एक्सप्रेस का पुसौली स्टेशन पर नियमित ठहराव होता था।

कोरोना काल के बाद इस ट्रेन का ठहराव बंद कर दिया गया, जो अब तक बहाल नहीं हुआ है। इसी तरह 13249 अप एवं 13250 डाउन पटना-भभुआ इंटरसिटी एक्सप्रेस का ठहराव भी पुसौली स्टेशन पर किए जाने की मांग लंबे समय से की जा रही है।

इस मुद्दे को लेकर राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश महासचिव संतोष रावत, पूर्व मुखिया अजीत सिंह, दीनदयाल कुशवाहा, आलोक रंजन चौबे, बबन पासवान, जगजीवन सिंह कुशवाहा, रामेश्वर राम, शिवप्रसन राम व अन्य ग्रामीणों ने राज्यसभा सांसद के प्रति आभार  जताया।

कहा कि उन लोगों के द्वारा ट्रेनों के ठहराव के लिए उनसे मांग की गई थी, जिसको गंभीरता से लेते हुए राज्यसभा सांसद ने रेल मंत्री से मुलाकात की।

ग्रामीणों ने कहा कि इन दोनों ट्रेनों का ठहराव होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों और आम यात्रियों को पटना, वाराणसी तथा अन्य प्रमुख शहरों तक आने-जाने में काफी सुविधा होगी।