Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कैमूर में मैजिक पलटने से आधा दर्जन से अधिक लोग घायल, एक रेफर, परिजन परेशान

    Updated: Thu, 04 Sep 2025 05:36 PM (IST)

    भभुआ के चैनपुर में केवां गांव के पास मैजिक पलटने से कई लोग घायल हो गए। घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया जिनमें से एक को हायर सेंटर रेफर किया ...और पढ़ें

    मैजिक पलटने से आधा दर्जन से अधिक लोग घायल, एक रेफर
    मैजिक पलटने से आधा दर्जन से अधिक लोग घायल, एक रेफर

    जागरण संवाददाता, भभुआ(कैमूर)। जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के केवां गांव के करीब गुरूवार को एक मैजिक के पलट जाने से आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में गंभीर भगवानपुर के मातर गांव निवासी फूलचंद केवट की 35 वर्षीय पत्नी निर्मला देवी को सदर अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उसके हाथ व पैर टूट गया है।

    घायलों में मातर गांव निवासी रामप्यारे केवट, रमेश केवट की पत्नी शुभवंता देवी, अवधेश केवट की पत्नी राजकुमारी देवी, अंगद केवट की पत्नी सुनीता देवी व अंगद कुमार का पुत्र छोटेलाल शामिल है। सभी का इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है। घटना की जानकारी होते ही डीपीएम ऋषिकेश जायसवाल व अस्पताल प्रबंधक शैलेद्र कुमार ने अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य कर्मियों के सहयोग से घायलों का त्वरित इलाज कराया। मिली जानकारी के अनुसार मातर गांव निवासी शिव केवट की पत्नी इस्रावती देवी को गांव के आंगनबाड़ी केंद्र में खाना बनाने के दौरान सर्प ने डंस लिया।

    इसकी जानकारी होते ही उसके घर के आसपास निवासी उक्त लोग एक मैजिक पर सवार होकर उसका झांड़फूक कराने के लिए यूपी के गाजीपुर जिले के अमवा की सती माई स्थान पर ले जा रहे थे। इसी क्रम में भभुआ-चैनपुर पथ पर केवां गांव के करीब मैजिक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस घटना में मैजिक सवार उक्त लोग घायल हो गए।

    सर्पदंश की शिकार महिला को उसके स्वजन दूसरे साधन से सती माई स्थल को ले गए। इधर आसपास के लोगों ने मिलकर मैजिक को सीधा किया। इसके बाद उसी के माध्यम से सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। इसमें मातर गांव निवासी समाज सेवी मंटू सिंह सहयोग किया। सदर अस्पताल में घायलों को देखने अन्य कई दल के प्रतिनिधि भी पहुंचे थे।

    खबरें और भी