विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बहन के साथ घर से निकली, किराए के मकान में मिला शव... यूपी की बेटी का बिहार में दर्दनाक अंत

Published: Tue, 11 Aug 2026 09:43 PM (IST)

गोरखपुर से लापता एक नाबालिग लड़की का शव कटिहार के कदवा स्थित कुम्हरी में किराए के मकान में फंदे से ...और पढ़ें

गोरखपुर से लापता नाबालिग की कदवा में संदिग्ध मौत, सुसाइड नोट से गहराया रहस्य

गोरखपुर से लापता नाबालिग की कदवा में संदिग्ध मौत, सुसाइड नोट से गहराया रहस्य

HighLights

  1. गोरखपुर से लापता नाबालिग का शव कदवा में मिला।

  2. कुम्हरी में किराए के मकान में फंदे से लटकी मिली।

  3. घटनास्थल से सुसाइड नोट बरामद, राहुल का जिक्र।

संवाद सूत्र, कदवा (कटिहार)। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के झंगहा थाना क्षेत्र से अपनी बड़ी बहन के साथ लापता हुई नाबालिग लड़की की कदवा थाना क्षेत्र के हलधरपुर में मौत हो गई। कदवा के कुम्हरी में किराए के मकान में फंदे से लटका मिला शव।

सूचना पर पहुंची कदवा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें राहुल नामक युवक का जिक्र होने की बात सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, नाबालिग छह अगस्त को अपनी बड़ी बहन के साथ घर से निकली थी। इस संबंध में उसकी मां शमशुन निशा ने छह अगस्त को गोरखपुर जिले के झंगहा थाने में बहला-फुसलाकर पुत्री को ले जाने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

प्राथमिकी में बताया गया था कि कुछ दिन पहले मृतका की बड़ी बहन साबिया खातून भी घर से चली गई थी। उसके वापस लौटने के बाद दोनों बहनें फिर घर से लापता हो गईं। प्राथमिकी में एक अज्ञात युवक पर दोनों को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया गया था।

बताया जाता है कि घर से लापता होने के बाद नाबालिग कटिहार के विक्रम कुमार के साथ एक दिन पूर्व कुम्हरी पहुंची थी। वहां उसे बबलू भगत के मकान में किराए पर ठहराया गया था। इसी मकान में सोमवार की रात घटना हुई। मंगलवार को जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की।

कई सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस:

नाबालिग गोरखपुर से कटिहार के कुम्हरी तक कैसे पहुंची, उसके साथ कौन-कौन लोग थे और उसे किराए के मकान में किस आधार पर ठहराया गया, पुलिस इन सभी बिंदुओं की जांच कर रही है।

घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट में राहुल नामक युवक के उल्लेख को भी जांच का अहम बिंदु माना जा रहा है। घटना के बाद स्थानीय स्तर पर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर कुंदन कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों और पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।