कटिहार के फलका में बरंडी नदी में नहाने गए 5 बच्चे डूबे; 3 की मौत, 2 को ग्रामीणों ने बचाया, गांव में मचा कोहराम
कटिहार के फलका में बरंडी नदी में नहाने गए पांच बच्चों में से तीन की डूबने से दर्दनाक मौत हो ...और पढ़ें

मोरसंडा के कमला घाट पर सावन के सोमवार को स्नान करने पहुंचे थे बच्चे; गहरे पानी में जाने से हुआ दर्दनाक हादसा
HighLights
बरंडी नदी में पांच बच्चे स्नान करने गए थे।
तीन बच्चों की डूबने से मौत, दो सुरक्षित बचाए गए।
मोरसंडा गांव में शोक, पुलिस जांच में जुटी है।
संवाद सूत्र, फलका (कटिहार)। कटिहार जिले के फलका थाना क्षेत्र अंतर्गत मोरसंडा पंचायत के कमला घाट पर सोमवार को एक बेहद हृदयविदारक हादसा सामने आया। यहां बरंडी नदी में स्नान करने गए पांच बच्चे गहरे पानी में समा गए। हादसे में तीन मासूम बच्चों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो बच्चों को स्थानीय ग्रामीणों ने अदम्य साहस दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद घाट से लेकर पूरे गांव तक अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही फलका थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गए।
सावन के सोमवार पर स्नान करने पहुंचे थे बच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सावन का सोमवार होने के कारण मोरसंडा गांव के बच्चे सुबह स्नान करने के लिए बरंडी नदी के कमला घाट पर गए हुए थे। नहाते समय बच्चे पानी के तेज बहाव और गहराई का अंदाजा नहीं लगा सके और एक-एक कर पांचों बच्चे गहरे गड्ढे की ओर फिसलते चले गए।
पानी में डूबते देख बच्चों ने बचाओ-बचाओ की गुहार लगाई, जिसके बाद नदी किनारे मौजूद स्थानीय ग्रामीणों और मवेशी चरा रहे लोगों ने शोर मचाया और बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी।
-1786943776414.webp)
दो बच्चों को सुरक्षित निकाला, तीन की थमी सांसें
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर दो बच्चों को डूबने से बचाते हुए सुरक्षित नदी से बाहर खींच लिया। हालांकि, जब तक बाकी तीन बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया, तब तक काफी देर हो चुकी थी और उनकी सांसें थम चुकी थीं।
सुरक्षित निकाले गए दोनों बच्चों को प्राथमिक उपचार और देखभाल के लिए भेजा गया है, जहां उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, मोरसंडा में पसरा सन्नाटा
तीन मासूमों की एक साथ मौत की खबर जैसे ही मोरसंडा गांव पहुंची, पूरे इलाके में मातम पसर गया। मृत बच्चों के घरों में कोहराम मच गया और परिजनों के करुण क्रंदन से वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम हो गईं। गांव में चूल्हे तक नहीं जले और चारों ओर सन्नाटा छा गया।
फलका थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है। प्रशासनिक अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया और सरकारी प्रविधानों के तहत आपदा राहत सहायता राशि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
