आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम में मिलीं कटिहार की 5 बच्चियां! SIT टीम रवाना, दुर्गा पूजा मेला देखने के दौरान हो गई थीं लापता
कटिहार जिले से दुर्गा पूजा मेला देखने के दौरान लापता हुईं पांच नाबालिग बच्चियों को पुलिस ने सकुशल बरामद कर ...और पढ़ें

कटिहार के मनसाही में दुर्गा पूजा मेला देखने गईं 5 नाबालिग बच्चियां रहस्यमय तरीके से लापता
HighLights
कटिहार से लापता पांच नाबालिग बच्चियां मिलीं।
पुलिस ने आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम से बरामद किया।
एसआईटी ने छह घंटे में सफल बचाव अभियान चलाया।
संवाद सहयोगी, कटिहार। कटिहार जिले के मनसाही थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव से दुर्गा पूजा का मेला देखने के दौरान रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुईं पांचों नाबालिग बच्चियों को कटिहार पुलिस ने त्वरित और अभूतपूर्व कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर लिया है।
पुलिस की विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) ने तकनीकी साक्ष्यों और वैज्ञानिक अनुसंधान की मदद से घटना के महज छह घंटे के भीतर बच्चियों को आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम से खोज निकाला। इस सफल बरामदगी से जहां परिजनों की जान में जान आई है, वहीं पुलिस प्रशासन की तत्परता की चौतरफा सराहना हो रही है।
19 अक्टूबर की शाम मेला देखने निकली थीं बच्चियां
घटना बीते 19 अक्टूबर की शाम की है। अलग-अलग परिवारों की पांचों नाबालिग लड़कियां एक साथ मनसाही हाट और रंगरा चौक स्थित दुर्गा पूजा पंडाल व मेला घूमने निकली थीं। देर रात तक जब बच्चियां अपने घर नहीं लौटीं, तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका के बीच रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में रातभर तलाश की।
काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्चियों का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने 20 अक्टूबर को मनसाही थाने में लिखित आवेदन देकर अपहरण या किसी गिरोह द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाए जाने की आशंका जताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई।
एसपी के निर्देश पर बनी एसआईटी, वैज्ञानिक अनुसंधान से मिला सुराग
एक साथ पांच नाबालिग लड़कियों के लापता होने के मामले को कटिहार पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने सर्वोच्च प्राथमिकता दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ सदर-1 के नेतृत्व में तत्काल एक विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया।
एसआईटी की तकनीकी और साइबर विंग ने मोबाइल लोकेशन, संभावित यात्रा रूट और रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और वैज्ञानिक जांच के आधार पर पुलिस को पुख्ता सुराग मिला कि बच्चियां दक्षिण भारत की ओर जाने वाली ट्रेन में सवार हैं और आंध्र प्रदेश सीमा क्षेत्र में पहुंच चुकी हैं।
कटिहार और श्रीकाकुलम आरपीएफ की मदद से 6 घंटे में बरामदगी
कटिहार पुलिस ने समय गंवाए बिना रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) कटिहार और आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम आरपीएफ से तुरंत संपर्क साधा। दोनों राज्यों की पुलिस व सुरक्षा बलों के बेहतरीन रियल-टाइम समन्वय से श्रीकाकुलम में ट्रेन के पहुंचते ही पांचों नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित संरक्षण में ले लिया गया। केस दर्ज होने के महज छह घंटे के भीतर दूसरे राज्य से बच्चियों की बरामदगी कटिहार पुलिस की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
बच्चियों को वापस लाने आंध्र प्रदेश रवाना हुई टीम
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी लड़कियां पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ हैं। उन्हें कानूनी प्रक्रिया पूरी कर वापस कटिहार लाने के लिए मनसाही थाने की एक विशेष पुलिस टीम आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम के लिए रवाना हो चुकी है। बच्चियों के कटिहार पहुंचने के बाद उनका मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा और न्यायालय में बयान दर्ज कराए जाएंगे। पुलिस यह भी गहनता से जांच कर रही है कि वे अपनी मर्जी से वहां पहुंचीं थीं या इसके पीछे मानव तस्करी अथवा किसी अन्य गिरोह का हाथ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।