खाद में मिलावट की जांच पड़ी भारी, कटिहार में BDO की टीम पर हमला, 14 नामजद और 50 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी
कटिहार के अमदाबाद प्रखंड में मिलावटी खाद की जांच करने गए बीडीओ रणवीर कुमार और उनकी टीम पर हमला हुआ। ...और पढ़ें
HighLights
मिलावटी खाद जांचने गई BDO टीम पर हमला।
उपद्रवियों ने बीडीओ की सोने की चेन छीनी, कट्टा सटाया।
14 नामजद और 50 अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज।
संवाद सूत्र, अमदाबाद (कटिहार)। कटिहार जिले के अमदाबाद प्रखंड अंतर्गत नया टोला बैदा में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मिलावटी एवं अवैध उर्वरक की बिक्री की गुप्त सूचना पर जांच करने पहुंचे प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) रणवीर कुमार और उनकी विभागीय टीम पर असामाजिक तत्वों व खाद माफियाओं ने जानलेवा हमला कर दिया।
इस दौरान उपद्रवियों ने बीडीओ के सुरक्षा गार्ड से सरकारी राइफल छीनने का भी प्रयास किया। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित (वायरल) हो रहा है। घटना के संबंध में बीडीओ रणवीर कुमार ने अमदाबाद थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें 14 नामजद और 50 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, जानलेवा हमला करने और लूटपाट का आरोप लगाया गया है।
जांच के दौरान विवाद और कनपटी पर सटाया कट्टा
बीडीओ रणवीर कुमार ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 12:00 बजे सूचना के आधार पर वे पुलिस व विभागीय कर्मियों के साथ नया टोला बैदा पहुंचे थे। वहां मोहम्मद जाकिर के शटर युक्त मकान की तलाशी ली गई।

जहां पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल से तस्करी कर लाई गई भारी मात्रा में मिलावटी खाद बरामद हुई। जब बीडीओ ने खाद से संबंधित वैध कागजात मांगे, तो दुकानदार कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
जब बीडीओ की मदद में पहुंचे स्वच्छता पर्यवेक्षक मोहम्मद जाकिर हुसैन जब्ती सूची (Seizure List) बनाने लगे, तभी दुकानदार और उसके दर्जनों समर्थकों ने उन पर हमला कर दिया और बेरहमी से पिटाई कर दी।
बीच-बचाव और विधि-व्यवस्था बनाने पहुंचे बीडीओ के साथ भी बदसलूकी की गई, उनके गले से सोने की चेन छीन ली गई तथा कनपटी पर देसी कट्टा सटाकर जान से मारने की धमकी दी गई। उपद्रवियों ने सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया और तैनात दो सरकारी गार्डों के हथियार भी छीनने की कोशिश की।
14 नामजद सहित 64 पर प्राथमिकी, दूसरे पक्ष ने भी दिया आवेदन
बीडीओ द्वारा थाने में दिए गए आवेदन में जाकिर, तमीज, अजाबुल, फिरोज, सेफुल सहित 14 लोगों को नामजद और 50 अज्ञात लोगों को अभियुक्त बनाया गया है। दूसरी ओर, आरोपित पक्ष के अजाबुल ने भी पुलिस को आवेदन देकर अपनी दुकान से 10 लाख रुपये गायब होने तथा बीडीओ और स्वच्छता पर्यवेक्षक पर रुपये लूटने का आरोप लगाया है।
"बीडीओ अमदाबाद द्वारा प्राप्त आवेदन के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिक दर्ज कर ली गई है। पुलिस की विशेष टीम नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। दूसरे पक्ष अजाबुल द्वारा दिए गए आवेदन की भी विभागीय जांच की जा रही है। कानून को हाथ में लेने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।"
— राजन कुमार, थानाध्यक्ष, अमदाबाद (कटिहार)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।