विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कटिहार में बिना शटडाउन खंभे पर चढ़ाने से मिस्त्री की मौत, घर से ले जाने वाले 3 लाइनमैन मोबाइल बंद कर फरार

Published: Sun, 12 Jul 2026 04:35 PM (IST)

कटिहार के आजमनगर में बिजली फाल्ट ठीक करते समय एक ग्रामीण मिस्त्री की करंट लगने से मौत हो गई। आरोप ...और पढ़ें

कटिहार में बिजली खंभे पर काम के दौरान मिस्त्री की मौत, घर से ले जाने वाले 3 लाइनमैन मोबाइल बंद कर फरार;

कटिहार में बिजली खंभे पर काम के दौरान मिस्त्री की मौत, घर से ले जाने वाले 3 लाइनमैन मोबाइल बंद कर फरार;

HighLights

  1. ग्रामीण मिस्त्री अजय यादव की करंट लगने से दर्दनाक मौत।

  2. तीन लाइनमैन जबरन ले गए, बिना शटडाउन काम कराया।

  3. घटना के बाद लाइनमैन फरार, ग्रामीणों में भारी आक्रोश।

संवाद सूत्र, सालमारी (कटिहार)। कटिहार जिले के आजमनगर प्रखंड क्षेत्र के बघोड़ा पंचायत अंतर्गत पसतिया गांव के पास बिजली विभाग की एक और खौफनाक लापरवाही सामने आई है। यहाँ शनिवार की रात करीब 9 बजे एक ऊंचे बिजली के खंभे पर चढ़कर फाल्ट ठीक करने के दौरान करंट लगने से एक ग्रामीण मिस्त्री की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में भारी आक्रोश फैल गया है और उग्र ग्रामीणों ने रात में ही बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जमकर नारेबाजी की।

फुलवारी गांव के 27 वर्षीय अजय यादव के रूप में हुई मृतक की पहचान

इस हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान फुलवारी गांव निवासी 27 वर्षीय अजय यादव (पिता जोगेन यादव) के रूप में हुई है, जो बेहद मिलनसार स्वभाव के थे। परिजनों के मुताबिक शनिवार की रात बिजली विभाग से जुड़े तीन विभागीय मानव बल (लाइनमैन)—मिथुन विश्वास, नाजीर आलम और तारक साह उर्फ छोटन—अजय के घर पहुंचे थे। ये तीनों जबरन अजय यादव को गांव में आई बिजली की बड़ी खराबी को ठीक कराने का झांसा देकर अपने साथ मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गए थे।

Katihar Electrician Dies Electrocuted 3 Line men Flee (1)

मना करने के बाद भी पति को उठाकर ले गए थे तीनों विभागीय मानव बल

मृतक मिस्त्री की रोती-बिलखती पत्नी चांदनी देवी ने पुलिस के सामने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मेरे मना करने के बावजूद तीनों जबरदस्ती मेरे पति को ले गए। कुछ ही देर बाद ग्रामीणों से सूचना मिली कि पसतिया गांव के पास पोल पर चढ़ने के दौरान अजय को शटडाउन न मिलने के कारण 11 हजार का करंट लग गया है। जब बदहवास परिजन मौके पर पहुंचे, तो अजय गंभीर रूप से झुलसी हालत में जमीन पर पड़े थे और उन्हें लाने वाले तीनों मानव बल वहां से रफूचक्कर हो चुके थे।

हादसे के बाद तीनों आरोपियों के मोबाइल हुए स्विच ऑफ, पुलिस ने दबोचा शव

घटनास्थल से भागने के बाद जब परिजनों ने तीनों आरोपियों को फोन लगाने की कोशिश की, तो तीनों के मोबाइल फोन लगातार बंद (स्विच ऑफ) आ रहे थे। वारदात की सूचना मिलते ही आजमनगर थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची और उग्र ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद रविवार की सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेजकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।

अपने पीछे पत्नी और तीन मासूम बेटों को रोता-बिलखता छोड़ गए अजय

अजय यादव अपने पीछे पत्नी चांदनी देवी के अलावा तीन बेहद मासूम बेटों—अंकित (8 वर्ष), ऋषभ (6 वर्ष) और महज 2 वर्ष के अभय यादव को बेसहारा छोड़ गए हैं। स्थानीय बघोड़ा पंचायत के सरपंच बसंत कुमार सहनी ने पीड़ित परिवार को तुरंत सरकारी नौकरी और उचित मुआवजा दिए जाने की सरकार से पुरजोर मांग की है। थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और पत्नी के लिखित बयान के आधार पर फरार तीनों मानव बलों पर केस दर्ज कर कार्रवाई होगी।

अधिकारियों ने दिया विभागीय नियमानुसार सरकारी मुआवजा दिलाने का भरोसा

इस पूरे मामले पर विभाग का पक्ष रखते हुए बिजली विभाग के सहायक विद्युत अभियंता अभय कुमार ने कहा कि घटना बेहद दुखद है और विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है। वहीं आजमनगर के कनीय अभियंता (JE) विवेक कुमार ने बताया कि विभागीय गाइडलाइन और नियमों के अनुसार मृतक के आश्रितों को अनुग्रह अनुदान की मुआवजा राशि जल्द दी जाएगी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि फरार लाइनमैनों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई और पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला, तो वे कटिहार-मालदा रूट पर चक्का जाम करेंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।