बिहार के किराना दुकानदार की बेटी ने पाई 1 लाख से अधिक वेतन वाली जॉब, बोलीं कटिहार MLA- Congratulations कोली साह
Inspiring Success Story : कटिहार के बारसोई की कोली साह ने इंजीनियरिंग में एक लाख से अधिक मासिक वेतन वाली ...और पढ़ें

Inspiring Success Story : कटिहार के बारसोई में एक लाख से अधिक पैकेज पर चयनित इंजीनियर कोली साह को मिठाई खिलाकर सम्मानित करतीं विधायक संगीता देवी।
HighLights
कोली साह ने एक लाख से अधिक मासिक वेतन वाली नौकरी पाई।
स्थानीय विधायक संगीता देवी ने घर जाकर उन्हें बधाई दी।
इलाहाबाद इंजीनियरिंग कॉलेज से पढ़ाई कर यह मुकाम हासिल किया।
संवाद सूत्र, बारसोई (कटिहार)। Inspiring Success Story : प्रतिभा और कड़ी मेहनत जब मिल जाएं तो सीमित संसाधन कभी सफलता की राह में रोड़ा नहीं बन सकते। इस बात को सच साबित कर दिखाया है कटिहार जिले के नगर पंचायत बारसोई अंतर्गत भाग-बारसोई मोहल्ले की रहने वाली कोली साह ने।
एक छोटे किराना व्यवसायी राज साह की मेधावी पुत्री कोली साह ने इंजीनियरिंग के क्षेत्र में शानदार सफलता हासिल करते हुए एक लाख रुपये से अधिक मासिक वेतन वाली नौकरी पाकर पूरे सीमांचल का नाम रोशन किया है। बेटी की इस असाधारण उपलब्धि की जानकारी मिलते ही पूरे बारसोई नगर क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल छा गया।
विधायक संगीता देवी ने घर पहुंचकर खिलाई मिठाई, बढ़ाया मान
कोली साह की इस शानदार कामयाबी से प्रभावित होकर स्थानीय विधायक संगीता देवी स्वयं उनके आवास पर पहुंचीं। विधायक ने कोली साह को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उन्हें उपहार व पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
विधायक ने कोली के माता-पिता को भी इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद बेटी को उच्च शिक्षा दिलाना और इस मुकाम तक पहुंचाना हर अभिभावक के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कोली साह के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें आगे भी इसी तरह नए आयाम छूने के लिए प्रेरित किया।
इलाहाबाद से की इंजीनियरिंग की पढ़ाई, युवाओं के लिए बनीं मिसाल
परिजनों ने बताया कि कोली साह बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी थीं। उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और बौद्धिक क्षमता के बल पर इलाहाबाद इंजीनियरिंग कॉलेज में दाखिला हासिल किया था। कॉलेज में अनुशासन और लगन के साथ पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद उन्होंने अपनी तकनीकी दक्षता के दम पर बहुराष्ट्रीय स्तर पर एक लाख रुपये से अधिक प्रति माह के पैकेज पर नौकरी हासिल की।
स्थानीय नागरिकों और बुद्धिजीवियों का कहना है कि कोली साह की यह सफलता क्षेत्र के अन्य छात्र-छात्राओं, विशेषकर छात्राओं के लिए एक बड़ा प्रेरणास्रोत है। उनकी इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि अगर मन में कुछ कर गुजरने का दृढ़ संकल्प हो तो साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर भी बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।