10 लाख में वर्दी का सौदा! कटिहार में सिपाही भर्ती सेटिंग गैंग का पर्दाफाश, ब्लैंक चेक के साथ 2 अरेस्ट
कटिहार पुलिस ने मद्यनिषेध पुलिस सिपाही भर्ती में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये वसूलने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर ...और पढ़ें

सिपाही भर्ती में सेटिंग कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार
HighLights
कटिहार पुलिस ने सिपाही भर्ती ठगी गिरोह का भंडाफोड़ किया।
दो आरोपी गिरफ्तार, लाखों के दस्तावेज और प्रमाण-पत्र बरामद।
गिरोह 10 लाख रुपये में नौकरी दिलाने का झांसा देता था।
संवाद सहयोगी, कटिहार। कुरसेला थाना पुलिस ने मद्यनिषेध पुलिस सिपाही भर्ती में सेटिंग कर नौकरी दिलाने के नाम पर अभ्यर्थियों से लाखों रुपये वसूलने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। साथ ही दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पूर्णिया जिले के टिक्कापट्टी थाना क्षेत्र के सपहा निवासी सोनू कुमार तथा पुरानी नंदगोला निवासी साहिल कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने इनके कब्जे से 50 से अधिक अभ्यर्थियों के मैट्रिक एवं इंटर के मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, भर्ती परीक्षा के एडमिट कार्ड, विभिन्न बैंकों के 18 हस्ताक्षरित ब्लैंक चेक, कई स्टाप पेपर, छह कारतूस, दो मोबाइल फोन तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
गिरोह के कथित मास्टरमाइंड सुजीत, मिथुन कुमार और संजय कुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापामारी कर रही है।
पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने बताया कि जिले में चलाए जा रहे विशेष समकालीन अभियान के तहत शुक्रवार देर रात कुरसेला थाना पुलिस बल्थी महेशपुर क्षेत्र में वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक ग्लैमर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे।
संदेह होने पर पुलिस ने उनका पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से बड़ी संख्या में मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, विभिन्न बैंकों के हस्ताक्षरित ब्लैंक चेक, 500 रुपये मूल्य के कई स्टाप पेपर, छह कारतूस तथा दो मोबाइल फोन बरामद हुए।
पूछताछ में दोनों आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे पटना निवासी सुजीत, पूर्णिया निवासी मिथुन कुमार और संजय कुमार के साथ मिलकर मद्यनिषेध पुलिस सिपाही भर्ती में नौकरी दिलाने के नाम पर सेटिंग का गिरोह चला रहे थे।
गिरोह अभ्यर्थियों से अंतिम चयन सुनिश्चित कराने के नाम पर प्रत्येक अभ्यर्थी 10 लाख रुपये की वसूली करता था। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने साहिल कुमार के घर छापामारी कर 2024 सिपाही भर्ती के 26 अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड भी बरामद किए।
खबरें और भी
एसपी ने बताया कि यह गिरोह फर्जी तरीके से किसी की बहाली करा सका इसकी सटीक जानकारी प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस इसे लेकर अनुसंधान कर रही है।
बताया कि गिरोह अभ्यर्थियों से स्टाप पेपर पर यह लिखवाता था कि उनकी भर्ती फर्जी तरीके से कराई जा रही है, ताकि यदि कोई अभ्यर्थी रुपये देने से इनकार करता है तो इस दस्तावेज का इस्तेमाल कर उन्हें डराया-धमकाया जा सके।
जांच के दौरान कुछ यूपीआई लेनदेन के साक्ष्य भी मिले हैं, जिनके आधार पर आर्थिक लेनदेन की पड़ताल की जा रही है। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि गिरोह अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा में केवल 20 से 25 प्रश्नों के उत्तर देने की सलाह देता था, ताकि उन्हें यह विश्वास दिलाया जा सके कि बाकी काम उनकी कथित सेटिंग से हो जाएगा।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह के माध्यम से कितने अभ्यर्थियों से ठगी की गई और क्या किसी अभ्यर्थी की फर्जी तरीके से भर्ती भी कराई गई।
एसपी ने बताया कि मिथुन कुमार और संजय कुमार के बिहार पुलिस में पूर्व में कार्यरत रहने की जानकारी मिली है। हालांकि, वर्तमान में वे सेवा में हैं या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। मामले में कुरसेला थाना में प्राथमिकी दर्ज कर गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी तथा पूरे नेटवर्क के खुलासे के लिए पुलिस लगातार छापामारी कर रही है।