कटिहार में अमूल चॉकलेट के डिब्बे में स्मैक की तस्करी करने वाली गिरफ्तार, WB भाग रहा पति भी धराया, घर में मिला नकली पेट्रोल
कटिहार के अमदाबाद में पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्मैक तस्करी और नकली पेट्रोल-डीजल बनाने वाले बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। मास्टरमाइंड मो. मुबारक और उस ...और पढ़ें

कटिहार में अमूल चॉकलेट के डिब्बे से खुली स्मैक तस्करी की पोल। जानकारी देते पुलिस अधिकारी।
HighLights
अमूल चोकोमिन्स डिब्बे में 203 ग्राम स्मैक बरामद।
मास्टरमाइंड मो. मुबारक बंगाल सीमा से गिरफ्तार।
गुप्त तहखाने से 2750 लीटर नकली पेट्रोल जब्त।
संवाद सूत्र, मनिहारी/अमदाबाद (कटिहार)। बिहार के कटिहार जिले के अमदाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत भोलामारी गांव में पुलिस ने एक ऐसे बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है जो ऊपर से बेहद सामान्य दिखता था। यहाँ पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्मैक की तस्करी करने के साथ-साथ बड़े पैमाने पर नकली पेट्रोल-डीजल बनाने और उसे बाजार में खपाने के अवैध धंधे का भंडाफोड़ किया है। इस काले धंधे में पति-पत्नी की एक साथ संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने मास्टरमाइंड मो. मुबारक और उसकी पत्नी बीबी मस्कुरा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
दंडाधिकारी की मौजूदगी में हुई छापेमारी, पति हुआ फरार
मनिहारी के डीएसपी विनोद कुमार ने शुक्रवार को एक विशेष प्रेसवार्ता आयोजित कर इस पूरे सनसनीखेज और आपराधिक नेटवर्क का विस्तृत विवरण मीडिया के सामने साझा किया। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार की शाम अमदाबाद पुलिस की टीम ने स्थानीय दंडाधिकारी की मौजूदगी में अचानक मो. मुबारक के घर पर दबिश दी थी। पुलिस के गाड़ियों की आवाज सुनते ही मुख्य आरोपी मुबारक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसकी पत्नी बीबी मस्कुरा को तुरंत हिरासत में ले लिया।
अमूल चोकोमिन्स के डिब्बे में छिपाई थी लाखों की स्मैक
पुलिस ने जब घर के कोने-कोने की सघन तलाशी शुरू की, तो दो बड़े ड्रमों के बीच नीचे छुपाकर रखा गया एक प्लास्टिक का डिब्बा बरामद हुआ। हैरानी की बात यह थी कि उस डिब्बे पर बच्चों की चॉकलेट ''अमूल चोकोमिन्स'' लिखा था, लेकिन जब उसे खोला गया तो सुरक्षाकर्मियों के होश उड़ गए। डिब्बे के अंदर अलग-अलग आकार की 11 पारदर्शी पुड़ियों में कुल 203.86 ग्राम स्मैक छिपाकर रखी गई थी, जिसे तौलने के लिए एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और मोबाइल भी मिला।
बंगाल सीमा से दबोचा गया मुबारक, पास से मिले दो लाख रुपए
फरार मुख्य तस्कर मो. मुबारक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तत्काल जाल बिछाया और तकनीकी सेल की मदद से उसके ठिकानों को ट्रैक करना शुरू किया। गुरुवार को बिहार पुलिस ने पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के हरिश्चंद्रपुर थाना पुलिस के सहयोग से मुबारक को सीमाई इलाके से घेराबंदी कर धर दबोचा। गिरफ्तारी के वक्त तलाशी लेने पर उसके पास से दो लाख छह हजार 750 रुपये कैश बरामद हुए, जो स्मैक की डील के जरिए कमाए गए थे।
खबरें और भी
दोबारा तलाशी में मिला 2750 लीटर बेंजीन मिश्रित नकली पेट्रोल
गिरफ्तार मुबारक से जब पुलिसिया अंदाज में पूछताछ की गई, तो उसने स्मैक के अलावा इलाके में नकली पेट्रोल-डीजल बनाने और बेचने के नेटवर्क का खुलासा किया। इस इनपुट के आधार पर शुक्रवार को अमदाबाद पुलिस ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी राहुल कुमार के साथ उसके घर की दोबारा तलाशी ली, जिसने नए राज खोल दिए। घर के गुप्त तहखाने से 2,750 लीटर बेंजीन मिश्रित नकली पेट्रोल, 35 लीटर डीजल तथा ईंधन में मिलावट करने वाले कई घातक रासायनिक पदार्थ जब्त किए गए।
अमदाबाद थानाध्यक्ष रंजीत कुमार के नेतृत्व में मिली बड़ी सफलता
डीएसपी विनोद कुमार ने बताया कि अमदाबाद थानाध्यक्ष रंजीत कुमार के नेतृत्व में चली इस विशेष टीम में कई जांबाज पुलिस अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में अवर निरीक्षक भोला कुमार, मसूधन कुमार, विद्या चक्रवर्ती, महिला सिपाही आकांक्षा, राधा, गुड़िया और गृहरक्षक वीरप्रताप सिंह तथा विनीत कुमार सिंह शामिल थे। पुलिस अब एनडीपीएस एक्ट और मिलावटी तेल बेचने की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य सफेदपोशों की कुंडली खंगाल रही है।