कटिहार में बवाल के बाद DM ऑफिस की सुरक्षा बढ़ी, 22 उपद्रवी गिरफ्तार; 72 संदिग्धों की तस्वीर जारी
कटिहार में हिंसक प्रदर्शन के बाद समाहरणालय परिसर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है, जहां 22 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के ...और पढ़ें

कटिहार समाहरणालय में सुरक्षा व्यवस्था।
जागरण संवाददाता, कटिहार। कटिहार में गुरुवार को हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद शुक्रवार को समाहरणालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। समाहरणालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और हर व्यक्ति की गहन जांच के बाद ही अंदर जाने दिया जा रहा है।
गेट पर दंडाधिकारी तैनात
सुरक्षा को चाक-चौबंद रखने के लिए समाहरणालय के गेट संख्या-1 पर जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी अनीश कुमार और गेट संख्या-2 पर उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार सिंह को दंडाधिकारी (मजिस्ट्रेट) के रूप में तैनात किया गया है। दोनों अधिकारी पुलिस बल के साथ स्थिति पर नजर रख रहे हैं।
कल क्या हुआ था?
गुरुवार को जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज, नीट पेपर लीक और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्रों ने शहीद चौक से समाहरणालय तक पैदल मार्च निकाला था। समाहरणालय गेट के समीप प्रदर्शन अचानक हिंसक हो गया और प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया।
इस हमले में सदर सीओ सोनू भगत, ट्रैफिक डीएसपी सदाम हुसैन और महिला पुलिस अधिकारी आर्या पृथ्वी नायडू समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। स्थिति बिगड़ते ही पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ दिया, जिसमें 4-5 प्रदर्शनकारी भी चोटिल हुए। घटना के बाद डीएम आशुतोष द्विवेदी और एसपी परिचय कुमार ने खुद कमान संभालते हुए हालात को काबू में किया था।
खबरें और भी
जिले में स्थिति सामान्य
प्रशासन के मुताबिक, जिले में स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में और शांतिपूर्ण है। डीएम और एसपी लगातार पूरे घटनाक्रम की समीक्षा कर रहे हैं। समाहरणालय परिसर, रेलवे स्टेशन और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
22 उपद्रवी हुए गिरफ्तार
प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल पर हमला करने और समाहरणालय गेट पर पत्थरबाजी करने के आरोप में सहायक थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अब तक 22 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य उपद्रवियों की तलाश जारी है। 30 नामजद और 200 अज्ञात पर केस,पुलिन से थानाध्यक्ष और जख्मी सीओ के आवेदन पर दो केस दर्ज किया है।
72 संदिग्धों की तस्वीरें जारी
पुलिस ने सोशल मीडिया और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर अन्य उपद्रवियों की पहचान शुरू कर दी है। मामले में 72 संदिग्ध व्यक्तियों की तस्वीरें जारी की गई हैं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि तस्वीरों में दिख रहे लोगों की पहचान होने पर तुरंत सूचना दें ताकि कानूनी कार्रवाई की जा सके।
बिना अनुमति था प्रदर्शन, फुटेज से होगी उपद्रवियों की पहचान: SP "प्रदर्शन की कोई अनुमति नहीं थी। शुरुआत में विरोध शांतिपूर्ण था, लेकिन बाद में कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया, जिसके बाद स्थिति पर काबू पाया गया। ड्रोन और सीसीटीवी फुटेज से असामाजिक तत्वों की पहचान की जा रही है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।"
परिचय कुमार, पुलिस अधीक्षक (SP), कटिहार
शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार, लेकिन हिंसा पर होगी कार्रवाई: DM "हर किसी को शांतिपूर्ण और कानूनी दायरे में विरोध दर्ज कराने का अधिकार है। प्रशासन किसी की आवाज नहीं दबा रहा है, लेकिन सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना और गैर-कानूनी प्रदर्शन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उपद्रव करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। छात्र किसी बहकावे में न आएं।"
आशुतोष द्विवेदी, जिलाधिकारी (DM), कटिहार