कटिहार में एसटी आवासीय विद्यालयों का निरीक्षण, परिवारों को मिले भूमि बंदोबस्ती पर्चे
बिहार राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य तल्लू बास्की ने मनिहारी में अनुसूचित जनजाति आवासीय विद्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों के साथ भोजन ...और पढ़ें

आवासीय विद्यालयों का निरीक्षण, एसटी परिवारों को मिला बंदोबस्ती परवाना

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, मनिहारी (कटिहार)। बिहार राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य तल्लू बास्की ने गुरुवार को मनिहारी क्षेत्र में अनुसूचित जनजाति आवासीय विद्यालयों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही नारायणपुर पंचायत के हरलाजोड़ी गांव में दो दर्जन अनुसूचित जनजाति परिवारों के बीच बंदोबस्ती परवाना (पर्चा) का वितरण किया।
इस दौरान जीविका के डीपीएम, अंचलाधिकारी तथा राजस्व कर्मी भी उपस्थित थे। आयोग के सदस्य ने सबसे पहले डॉ. भीमराव आंबेडकर प्लस टू अनुसूचित जनजाति बालक आवासीय विद्यालय मनिहारी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने मेस में बच्चों के साथ बैठकर दोपहर का भोजन किया और भोजन की गुणवत्ता की स्वयं जांच की। बच्चों से भोजन व्यवस्था के बारे में भी जानकारी ली।
विद्यालय में भोजन जीविका दीदियों द्वारा तैयार किया जाता है। इसके बाद उन्होंने प्रधानाध्यापक एवं विद्यार्थियों से पठन-पाठन की स्थिति पर भी चर्चा की। इस अवसर पर जीविका डीपीएम इंद्रशेखर इंदु, प्रखंड परियोजना पदाधिकारी ब्रजेश, जीविका के आनंद कुमार सहित जीविका दीदियां मौजूद थीं।
निरीक्षण के बाद आयोग के सदस्य हरलाजोड़ी गांव पहुंचे, जहां सीओ मु. इस्माइल, नीमा पंचायत के मुखिया रामजी यादव एवं राजस्व कर्मचारी जयनारायण दास के साथ संयुक्त रूप से अनुसूचित जनजाति के दो दर्जन परिवारों को बंदोबस्ती पर्चा वितरित किया गया।
खबरें और भी
पर्चा प्राप्त करने वालों में छल्लो मुर्मू, बड़का मुर्मू, तल्लू बेसरा, प्रधान बेसरा, नरेश मुर्मू सहित अन्य लोग शामिल हैं। वर्षों बाद भूमि का अधिकार मिलने पर लाभुकों में खुशी देखी गई।
इस मौके पर आयोग के सदस्य तल्लू बास्की ने कहा कि आवासीय विद्यालय में जीविका दीदियों द्वारा बनाया गया भोजन गुणवत्तापूर्ण पाया गया है। कहा कि निरीक्षण के दौरान कुछ कमियां सामने आई हैं, जिन्हें शीघ्र दुरुस्त करने का निर्देश प्रधानाध्यापक को दिया गया है।
उन्होंने कहा कि हरलाजोड़ी गांव में जिन अनुसूचित जनजाति परिवारों को बंदोबस्ती पर्चा दिया गया है, उन्हें शीघ्र ही प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार में सभी वर्गों के विकास के लिए निरंतर कार्य हो रहा है।
कार्यक्रम में सचिन मुर्मू, दीपक कुमार गुप्ता, ई. नसीम, अबुल कलाम, प्रिंस कुमार, मुखिया संघ अध्यक्ष रामजी यादव, राजस्व कर्मचारी सदानंद सहित कई लोग उपस्थित थे।