Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार: 'सर गंदी नीयत से छूते हैं...', बच्चियों के खुलासे पर भड़के ग्रामीण; स्कूल में जबरदस्त हंगामा

    Updated: Wed, 29 Jul 2026 02:49 PM (IST)

    कटिहार के अमदाबाद प्रखंड के गोविंदपुर प्राथमिक विद्यालय में छात्राओं ने शिक्षक सैयद तारीक अनवर पर 'बैड टच' और आपत्तिजनक व्यवहार का आरोप लगाया। ...और पढ़ें

    HighLights

    1. छात्राओं ने शिक्षक पर 'बैड टच' और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया।

    2. ग्रामीणों ने विद्यालय में पहुंचकर आरोपित शिक्षक पर कार्रवाई की मांग की।

    3. पुलिस ने शिक्षक को हिरासत में लिया, निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया।

    संवाद सूत्र, अमदाबाद (कटिहार)। अमदाबाद प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय गोविंदपुर में बुधवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब वर्ग चार एवं पांच की छात्राओं ने विद्यालय के शिक्षक सैयद तारीक अनवर पर 'बैड टच' करने और आपत्तिजनक व्यवहार का आरोप लगाया।

    घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यालय पहुंच गए और आरोपित शिक्षक के विरुद्ध जमकर नारेबाजी करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने शिक्षक को अपनी अभिरक्षा में लेकर थाना पहुंचाया।

    ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार सुबह जब वे अपनी बेटियों को स्कूल भेजने लगे तो बच्चियों ने जाने से इनकार कर दिया। काफी पूछताछ करने पर छात्राओं ने आरोप लगाया कि शिक्षक उन्हें गलत नीयत से छूते हैं, अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं और विरोध करने पर मारपीट व धमकी देते हैं।

    घटना की सूचना मिलते ही मुख्य पार्षद बबलू मंडल, प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रणबीर कुमार तथा पुलिस टीम विद्यालय पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों और विद्यालय प्रबंधन से पूरे मामले की जानकारी ली।

    ग्रामीण गणेश यादव, अखिलेश नायक, पूनम झा, प्रियंका देवी और मुनकी देवी समेत अन्य लोगों ने अधिकारियों से कहा कि यदि विद्यालय का माहौल ऐसा रहेगा तो वे अपनी बेटियों को पढ़ने के लिए स्कूल कैसे भेजेंगे।

    ग्रामीणों ने आरोपित शिक्षक को तत्काल विद्यालय से हटाने और उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थिति तनावपूर्ण होते देख अधिकारियों ने ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद शिक्षक को पुलिस अभिरक्षा में थाना ले जाया गया।

    खबरें और भी

    प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रणबीर कुमार ने कहा कि विद्यालय में इस प्रकार की शिकायत अत्यंत गंभीर है। मामले की जांच कराई जाएगी और जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के विरुद्ध विभागीय नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

    वहीं, आरोपित शिक्षक सैयद तारीक अनवर ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद और निराधार बताया है।