Katihar News: दो दिन बाद बेटी की थी शादी, निमंत्रण देने आई मां की ट्रक से कुचलकर मौत
कटिहार के हरदा चौक पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 45 वर्षीय समीना खातून की ट्रक से कुचलकर मौत हो ...और पढ़ें

दो दिन बाद बेटी की थी शादी, निमंत्रण देने आई मां की ट्रक से कुचलकर मौत

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, कदवा (कटिहार)। छोटी पुत्री की दो दिन बाद होने वाली शादी का निमंत्रण कार्ड देने आई 45 वर्षीय मां की ट्रक से कुचल कर मौत हो गई। महिला की गोद में रही छह वर्षीय नतनी दूर छिटक कर बच गई। घटना झौआ-सोनैली पथ के हरदा चौक पर शुक्रवार दोपहर की है।
तेज रफ्तार ट्रक ने महिला को कुचल दिया। उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। महिला हरदा गांव स्थित अपनी बड़ी बेटी के ससुराल निमंत्रण कार्ड देने आई थी। मृत महिला की पहचान प्राणपुर प्रखंड के सिरांडा निवासी मु शरीफ की पत्नी समीना खातून के रूप में हुई है। 10 फरवरी को उसकी छाेटी बेटी की शादी है।
निमंत्रण देने के उपरांत शुक्रवार दोपहर वह छह वर्षीय नतनी सबरीन को गोद में लेकर घर जाने के लिए वाहन पकड़ने जा रही थी। तभी हरदा चौक पर तेज गति ट्रक ने उसे कुचल दिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने ट्रक को रोक कर चालक एवं उप चालक को अपने कब्जे में ले लिया।
साथ ही घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर पथ पर आवागमन को बाधित कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस स्थल पर पहुंच लोगों को शांत करने का प्रयास किया। लोग पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे।
साथ ही कहा कि तेज गति ट्रक एवं हाईवा से अक्सर दुर्घटना होती है। जिसे नियंत्रित करने की दिशा में कदम उठाना चाहिए। करीब चार घंटे बाद सड़क जाम टूटी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
ग्रामीणों को समझाने में जिला परिषद सदस्य नजाम राही, स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि मुन्ना पासवान, भाजपा नेता रमेश महतो, तनवीर राजा सहित कई शामिल थे।
