बाइक लाने में हुई देरी, तो पेचकस से रेता वार्ड सदस्य का गला; 19 साल का आरोपित कटिहार में गिरफ्तार
Katihar Crime News: कटिहार के सालमारी थाना क्षेत्र में बाइक लौटाने में देरी होने पर एक युवक की पेचकस से ...और पढ़ें

Katihar Crime News: कटिहार के सालमारी में बाइक विवाद में युवक की निर्मम हत्या।
HighLights
बाइक लौटाने में देरी पर हुआ खूनी विवाद।
युवक के गले पर पेचकस से वार कर हत्या।
सालमारी पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार।
संवाद सहयोगी, कटिहार। Katihar Crime News: कटिहार जिले के सालमारी थाना क्षेत्र अंतर्गत कमलाबाड़ी वार्ड संख्या आठ में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बाइक लेकर लौटने में थोड़ी देर होने से नाराज एक उन्मादी युवक ने 30 वर्षीय युवक के कंठ (गले) पर बड़े पेचकस से ताबड़तोड़ वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी।
मृतक की पहचान कमलाबाड़ी निवासी हथीराम सिंह के 30 वर्षीय पुत्र डीजन कुमार सिंह के रूप में हुई है। शाम के समय घटी इस रूह कंपा देने वाली वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही सालमारी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
बाइक लेकर लौटने में देरी बनी विवाद की वजह
घटना के संदर्भ में मृतक की मां और पत्नी ने रोते-बिलखते हुए पुलिस को बताया कि डीजन कुमार सिंह आरोपित के पिता ओम प्रकाश सिंह के साथ किसी आवश्यक कार्य से उन्हीं की बाइक लेकर बाहर गए थे। काम के सिलसिले में लौटने में कुछ घंटे का अतिरिक्त समय लग गया।

इसी बात को लेकर ओम प्रकाश सिंह का 19 वर्षीय पुत्र बासु कुमार अत्यधिक आक्रोशित हो गया। आरोप है कि जब दोनों वापस लौटे, तो बासु कुमार ने बाइक की चाबी और गाड़ी सौंपने के बहाने डीजन कुमार सिंह को अपने पास बुलाया और गाली-गलौज करने लगा।
पेचकस से कंठ पर किया जानलेवा प्रहार, मौके पर तोड़ा दम
विवाद बढ़ते ही बासु कुमार ने अचानक अपने पास रखे एक बड़े और नुकीले पेचकस से डीजन कुमार सिंह के कंठ पर पूरी ताकत से वार कर दिया। पेचकस सीधे गले की नस में धंस गया, जिससे अत्यधिक खून बहने लगा और डीजन जमीन पर गिरकर तड़पने लगे।
आसपास के लोग और परिजन जब तक उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की व्यवस्था करते, तब तक अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोट के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया।
त्वरित कार्रवाई, आरोपित गिरफ्तार व शव पोस्टमार्टम को भेजा
वारदात की सूचना मिलते ही सालमारी थानाध्यक्ष जूली कुमारी पुलिस बल के साथ फौरन घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
वहीं, पुलिस ने त्वरित घेराबंदी करते हुए वारदात को अंजाम देकर भागने की फिराक में लगे आरोपित बासु कुमार (19) को गिरफ्तार कर लिया। सालमारी थानाध्यक्ष जूली ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला बाइक को लेकर उपजे तात्कालिक आपसी विवाद का है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपित को दबोच लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। घटना में प्रयुक्त पेचकस की बरामदगी और मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।