Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    टोटो के आतंक से बेहाल कटिहार, NH-31 और SH-77 पर अनियंत्रित परिचालन से दिनभर जाम; एंबुलेंस भी फंस रहीं

    Updated: Fri, 03 Jul 2026 12:39 PM (IST)

    कुरसेला नगर पंचायत में टोटो की बढ़ती संख्या NH-31 और SH-77 पर यातायात जाम का कारण बन रही है, जिससे आम लोगों और आपातकालीन वाहनों को परेशानी हो रही है। ...और पढ़ें

    टोटो के आतंक से बेहाल कुरसेला

    टोटो के आतंक से बेहाल कुरसेला

    HighLights

    1. टोटो की बढ़ती संख्या से कुरसेला में यातायात जाम।

    2. NH-31, SH-77 पर अनियंत्रित परिचालन से एंबुलेंस भी फंसी।

    3. नाबालिग चालकों और अव्यवस्था से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा।

    संवाद सूत्र,कुरसेला (कटिहार)। कुरसेला नगर पंचायत क्षेत्र में टोटो (ई-रिक्शा) की लगातार बढ़ती संख्या अब यातायात व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। एनएच-31, एसएच-77 सहित अन्य प्रमुख एवं ग्रामीण सड़कों पर अनियंत्रित तरीके से टोटो का परिचालन होने से प्रतिदिन जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। 

    सड़क किनारे और मुख्य मार्गों पर टोटो खड़ा कर सवारी बैठाने एवं उतारने के कारण यातायात बाधित रहता है। इससे आम लोगों, विद्यार्थियों, दुकानदारों तथा अन्य वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

    आधी सड़क पर टोटो का कब्जा

    स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में आधी सड़क पर टोटो का कब्जा रहने से दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। सुबह और शाम के समय समस्या और गंभीर हो जाती है। कई बार एंबुलेंस तथा आवश्यक सेवाओं के वाहन भी जाम में फंस जाते हैं, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है।

    वहीं, बिना किसी निर्धारित स्टैंड के टोटो का संचालन किए जाने से अव्यवस्था लगातार बढ़ रही है। चालक जहां-तहां वाहन रोककर सवारी बैठाने और उतारने लगते हैं, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन जाता है।

    नाबालिग एवं नौसिखिए चालक भी टोटो चला रहे

    स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि कई स्थानों पर नाबालिग एवं नौसिखिए चालक भी टोटो चला रहे हैं। पर्याप्त अनुभव और यातायात नियमों की जानकारी के अभाव में दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। आए दिन टोटो से जुड़े सड़क हादसों की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है।

    नगरवासियों ने प्रशासन से टोटो संचालन के लिए निर्धारित स्टैंड बनाने, नाबालिग चालकों पर कार्रवाई करने, नियमित जांच अभियान चलाने तथा यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में जाम और सड़क दुर्घटनाओं की समस्या और गंभीर हो सकती है।

    खबरें और भी