Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कटिहार के बरंडी नदी में डूबने से पूर्णिया के ITI छात्र की मौत, इकलौते बेटे के शरीर पर चोट देख बोले पिता- यह मर्डर है

    Updated: Sun, 05 Jul 2026 06:00 PM (GMT+05:30)

    कटिहार के फलका में बरंडी नदी में नहाने गए पूर्णिया के एक 18 वर्षीय आईटीआई छात्र अखिलेश कुमार की डूबने से मौत हो गई। पिता ने बेटे के शरीर पर चोट के निश ...और पढ़ें

    कटिहार: बरंडी नदी में डूबने से पूर्णिया के ITI छात्र की मौत, शरीर पर जख्म देख पिता ने जताई हत्या की आशंका

    कटिहार: बरंडी नदी में डूबने से पूर्णिया के ITI छात्र की मौत, शरीर पर जख्म देख पिता ने जताई हत्या की आशंका

    HighLights

    1. पूर्णिया के आईटीआई छात्र की कटिहार में डूबकर मौत।

    2. पिता ने चोट के निशान देख हत्या का शक जताया।

    3. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी।

    संवाद सूत्र, फलका (कटिहार)। फलका थाना क्षेत्र की रहटा पंचायत अंतर्गत बेलगच्छी गांव के समीप बरंडी नदी में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां नदी में नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से पूर्णिया के एक 18 वर्षीय आईटीआई छात्र की डूबकर मौत हो गई। स्थानीय गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद छात्र के शव को पानी से बाहर निकाला।

    दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था छात्र

    मृतक छात्र की पहचान पूर्णिया जिले के सतकोदरिया हरदा निवासी संजय प्रसाद सिंह के इकलौते पुत्र अखिलेश कुमार के रूप में हुई है। अखिलेश पूर्णिया के सवैया स्थित आईटीआई कॉलेज का छात्र था और वहीं हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता था। रविवार को वह अपने कुछ कॉलेज दोस्तों के साथ कटिहार के फलका स्थित बरंडी नदी में नहाने के लिए आया हुआ था।

    शरीर पर जख्म के निशान, पिता को मर्डर का शक

    घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के पिता और परिजन मौके पर पहुंचे, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता संजय प्रसाद सिंह ने बेटे की मौत पर गहरा संदेह व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि बेटे के शरीर पर कई जगहों पर जख्म के निशान मिले हैं, जिसके आधार पर उन्होंने दोस्तों द्वारा पुत्र की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।

    पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

    ग्रामीणों की सूचना पर मुखिया राजेश रंजन और जिला पार्षद गायत्री कुमारी ने तुरंत फलका पुलिस और अंचल प्रशासन को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रहलाद यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की छानबीन में जुट गई है।

    खबरें और भी

    हॉस्टल में रहकर करता था पढ़ाई

    • मृतक अखिलेश अपने माता-पिता की इकलौती संतान था, जिसकी मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

    • वह पूर्णिया के सवैया स्थित आईटीआई कॉलेज के हॉस्टल में रहता था और रविवार की छुट्टी पर दोस्तों के साथ निकला था।

    जांच रिपोर्ट के बाद मिलेगा मुआवजा

    • थानाध्यक्ष प्रहलाद यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

    • अंचलाधिकारी (सीओ) सैमी पोद्दार ने राजस्व कर्मचारी को मौके पर भेजकर जांच रिपोर्ट तलब की है, जिसके बाद मुआवजा प्रक्रिया शुरू होगी।