बिहार में दुस्साहस! खगड़िया में दारोगा को पीटकर पिस्टल छीन भागे अपराधी, पुलिस ने पैर में गोली मार किया हाफ एनकाउंटर
खगड़िया में गश्ती कर रही पुलिस टीम पर अपराधियों ने हमला कर दारोगा की सरकारी पिस्टल छीन ली। मुख्य आरोपी अखिलेश को पुलिस ने गिरफ्तार किया और भागने की को ...और पढ़ें

खगड़िया में बड़ा खेल! दारोगा को पीटकर पिस्टल लूटने वाले शातिर अखिलेश का पुलिस ने किया हाफ एनकाउंटर
HighLights
खगड़िया में गश्ती दल पर अपराधियों ने किया हमला।
दारोगा की सरकारी पिस्टल छीनकर अपराधी हुए फरार।
मुख्य आरोपी अखिलेश को पैर में गोली मारकर दबोचा।
संवाद सूत्र, बेलदौर (खगड़िया)। बिहार के खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात गश्ती और वाहन चेकिंग कर रही पुलिस टीम पर अपराधियों ने जानलेवा हमला बोल दिया। यह खूनी वारदात सकरोहर-कुर्बन मुख्य पथ पर स्थित अपशिष्ट प्रबंधन भवन के समीप तब घटी, जब बेलदौर थाने के सब-इनस्पेक्टर (एसआइ) राहुल कुमार टीम के साथ तैनात थे। चेकिंग के दौरान दो बाइकों पर सवार होकर आए तीन पुरुषों और दो महिलाओं ने खाकी का खौफ भूलकर अचानक पुलिस टीम को चारों तरफ से घेर लिया।
घायल दारोगा की लूटी सरकारी पिस्टल
जैसे ही एसआइ राहुल कुमार, एक महिला होमगार्ड और दो चौकीदार ने संदिग्ध बाइकों की तलाशी लेनी शुरू की, वैसे ही अपराधियों ने हंगामा खड़ा कर दिया। बदमाशों ने पुलिस टीम पर ईंट-पत्थरों से हमला कर सभी को घायल कर दिया और दारोगा राहुल कुमार को बुरी तरह पीटकर उनकी सरकारी सर्विस पिस्टल छीनकर फरार हो गए। यही नहीं, हमलावरों ने मौके पर तैनात महिला होमगार्ड जवान की राइफल भी छीनने की कोशिश की, लेकिन महिला जवान के कड़े प्रतिरोध के कारण वे असफल रहे।
मुख्य आरोपित अखिलेश पिस्टल संग गिरफ्तार
दारोगा पर हमले और हथियार लूट की खबर से महकमे में हड़कंप मच गया, जिसके बाद खगड़िया एसपी भानू प्रताप सिंह के निर्देश पर भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। गोगरी एसडीपीओ और बेलदौर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके की नाकेबंदी की और रात में ही मुख्य आरोपित अखिलेश को छीनी गई पिस्टल के साथ दबोच लिया। हथियार बरामदगी और मुख्य आरोपी की इस त्वरित गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम ने राहत की सांस ली और फरार अन्य अपराधियों की तलाश में दबिश बढ़ा दी।
थाना लाते वक्त पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश
बड़ी कामयाबी के बाद जब पुलिस टीम गिरफ्तार मुख्य आरोपी अखिलेश को गाड़ी में बैठाकर वापस थाना ला रही थी, तभी उसने पुलिसकर्मियों पर अचानक दोबारा हमला कर दिया। अखिलेश ने पुलिस हिरासत से भागने की नीयत से यह जानलेवा हमला बोला, जिसके जवाब में पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ तुरंत मोर्चा संभालते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पुलिस की इस त्वरित जवाबी कार्रवाई में एक गोली सीधे अखिलेश के पैर में जा लगी, जिसके बाद घायल अपराधी को बेलदौर सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद बड़े अस्पताल रेफर किया गया है।