विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बाढ़ के पानी में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत, खगड़िया में नहाने के दौरान हादसा; परिवार को मिले 4-4 लाख के चेक

Published: Mon, 14 Sep 2026 12:54 PM (IST)

Khagaria Drowning Incident: खगड़िया के परबत्ता में गंगा नदी के बाढ़ के पानी में नहाते समय दो सगे भाइयों की ...और पढ़ें

Khagaria Drowning Incident: परबत्ता में बाढ़ के पानी में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत; बंध कट्टा के पास स्नान के दौरान हुआ हादसा

Khagaria Drowning Incident: परबत्ता में बाढ़ के पानी में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत; बंध कट्टा के पास स्नान के दौरान हुआ हादसा

HighLights

  1. खगड़िया के परबत्ता में गंगा बाढ़ में डूबे दो सगे भाई।

  2. बड़े भाई को बचाने में छोटे भाई ने भी गंवाई जान।

  3. प्रशासन ने पीड़ित परिवार को 4-4 लाख रुपये दिए।

संवाद सूत्र, परबत्ता (खगड़िया)। Khagaria Drowning Incident:  खगड़िया जिले के परबत्ता प्रखंड क्षेत्र में गंगा नदी के फैले बाढ़ के पानी में डूबने से दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। हृदयविदारक घटना अकहा ढाला और भरसो के बीच स्थित बंधकट्टा के समीप घटी, जहां स्नान करने के दौरान दोनों गहरे पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गए।

मृतकों की पहचान परबत्ता की कोलवारा पंचायत अंतर्गत तेलिया बथान गांव निवासी एतवारी मंडल के 15 वर्षीय पुत्र गोविंद कुमार और 13 वर्षीय पुत्र जयजय कुमार के रूप में हुई है। एक ही घर के दो किशोर बेटों की असमय मौत से पूरे तेलिया बथान गांव में कोहराम मच गया है।

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों भाई सोमवार की सुबह करीब 10 बजे अकहा ढाला और भरसो के बीच बंधकट्टा के पास गंगा के बाढ़ के पानी में नहाने गए थे। स्नान करने के दौरान बड़ा भाई गोविंद कुमार अचानक पैर फिसलने से गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।

Khagaria Flood Tragedy Two Brothers Drown in Parbatta

गोविंद को पानी में छटपटाता देख किनारे खड़े छोटे भाई जयजय कुमार ने उसे बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी। पानी की अत्यधिक गहराई और तेज खिंचाव के कारण जयजय भी खुद को संभाल नहीं सका और दोनों भाई देखते ही देखते पानी में समा गए।

आपदा मित्रों व गोताखोरों ने निकाला, अस्पताल से पहले थमीं सांसें

घाट पर मौजूद लोगों द्वारा शोर मचाए जाने पर आसपास मौजूद स्थानीय गोताखोर और आपदा मित्र तुरंत हरकत में आए और पानी में बचाव अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद पहले बड़े भाई गोविंद कुमार को और उसके कुछ ही देर बाद जयजय कुमार को पानी से बाहर निकाला गया।

स्थानीय लोग दोनों को अचेत अवस्था में लेकर तुरंत परबत्ता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचे, जहां तैनात चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। परबत्ता सीएचसी के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कुमार आशुतोष ने बताया कि दोनों बच्चों की सांसें अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम चुकी थीं।

  • खगड़िया के परबत्ता प्रखंड अंतर्गत अकहा ढाला और भरसो के बीच बंधकट्टा के समीप गंगा की बाढ़ के पानी में हुआ दर्दनाक हादसा

  • स्नान के दौरान डूब रहे बड़े भाई गोविंद को बचाने में 13 वर्षीय छोटा भाई जयजय भी गहरे पानी में समाया, दोनों की मौत

  • स्थानीय गोताखोरों और आपदा मित्रों ने पानी से निकाला बाहर; सीएचसी परबत्ता के डॉक्टरों ने दोनों को घोषित किया मृत

  • गोगरी एसडीओ संजय कुमार व एसडीपीओ पहुंचे अस्पताल; आपदा प्रबंधन के तहत परिजनों को सौंपे 4-4 लाख रुपये के चेक

प्रशासनिक महकमे में हलचल, परिजनों को मिले 4-4 लाख के चेक

घटना की सूचना मिलते ही गोगरी एसडीओ संजय कुमार और एसडीपीओ चंदन कुमार ठाकुर तुरंत परबत्ता सीएचसी पहुंचे। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद अंचलाधिकारी (सीओ) हरिनाथ राम से घटना की पूरी जानकारी ली और शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी।

प्रशासनिक संवेदनशीलता दिखाते हुए गोगरी एसडीओ ने कागजी प्रक्रिया तत्काल पूरी कराई और राज्य सरकार के आपदा अनुग्रह अनुदान प्रावधान के तहत पीड़ित परिवार को चार-चार लाख रुपये (कुल आठ लाख रुपये) के सरकारी चेक मौके पर ही सौंप दिए। पुलिस ने शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए खगड़िया सदर अस्पताल भेज दिया है।