खगड़िया के होटल में दहकी दरभंगा की प्रेम कहानी; प्रेमिका ने शादी करने को कहा तो प्रेमी ने लगा दी आग, दोनों झुलसे
Khagaria Hotel Fire Case: खगड़िया के एक होटल में प्रेम प्रसंग का रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। ...और पढ़ें

Khagaria Hotel Fire Case: खगड़िया के होटल में शादी के विवाद पर प्रेमी ने प्रेमिका के कपड़ों में लगाई आग; लपटों में प्रेमी को भी जकड़ा, दोनों 45 फीसदी से अधिक झुलसे
HighLights
खगड़िया होटल में प्रेमी ने प्रेमिका के कपड़ों में लगाई आग।
शादी का दबाव बनाने पर हुआ यह रूह कंपा देने वाला कांड।
दोनों 45% से अधिक झुलसे, सदर अस्पताल में भर्ती।
जागरण संवाददाता, खगड़िया। Khagaria Hotel Fire Case: खगड़िया रेलवे स्टेशन रोड स्थित एक निजी होटल के कमरे में शुक्रवार को प्रेम प्रसंग का रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया। शादी का दबाव बनाने से आक्रोशित प्रेमी ने अपनी प्रेमिका के कपड़ों में आग लगा दी। आग की लपटों से घिरी युवती ने भागने की कोशिश कर रहे प्रेमी को दोनों हाथों से कसकर जकड़ लिया। इसके चलते आग ने युवक को भी अपनी चपेट में ले लिया और दोनों कमरे के भीतर ही आग की लपटों से घिर गए। होटल के कमरे से चीख-पुकार और धुआं निकलते देख कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
होटल कर्मियों की सूचना पर डायल 112 की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने होटल कर्मचारियों के सहयोग से किसी तरह आग पर काबू पाया और दोनों को फौरन खगड़िया सदर अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया। सदर अस्पताल के चिकित्सक ने बताया कि दोनों 45 प्रतिशत से अधिक झुलस गए हैं और उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराते हुए सघन निगरानी रखी जा रही है।
घर से भागकर होटल में रुके थे दोनों, शादी से मुकरा प्रेमी
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों दरभंगा जिले के एक ही थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं और उनके बीच कई महीनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती इंटरमीडिएट (12वीं) की छात्रा है, जबकि युवक मखाना कारोबार से जुड़ा है। युवती के माता-पिता आजीविका के सिलसिले में गुजरात के सूरत में रहते हैं। घर पर परिजनों की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर दोनों गुरुवार को अपने गांव से चुपके से निकले और खगड़िया पहुंच गए। यहां स्टेशन गेट के सामने स्थित आदर्श होटल में दोनों ने एक कमरा बुक कराया और वहीं ठहरे हुए थे।
शादी का दबाव बनाया तो जेब से माचिस निकाल लगा दी आग
अस्पताल में उपचाराधीन पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि युवक शादी का झांसा देकर लंबे समय से उसके साथ संबंध बना रहा था। गुरुवार की रात भी उसने शारीरिक संबंध बनाए। शुक्रवार सुबह जब उसने युवक पर विधिवत विवाह करने का दबाव डाला, तो वह भड़क गया और उसके साथ मारपीट करने लगा। बात बिगड़ने पर युवक ने अपनी जेब से माचिस निकाली और युवती के कपड़ों में आग लगा दी।
खगड़िया स्टेशन रोड स्थित आदर्श होटल में शादी से इनकार पर प्रेमी ने प्रेमिका के कपड़ों में लगा दी आग
आग की लपटों से घिरी युवती ने भाग रहे प्रेमी को कसकर जकड़ा; दोनों 45 प्रतिशत से अधिक गंभीर रूप से झुलसे
डायल 112 की पुलिस टीम और होटल कर्मियों ने दोनों को छुड़ाकर सदर अस्पताल में कराया भर्ती; वार्ड में उपचार जारी
दरभंगा से भागकर गुरुवार को खगड़िया पहुंचे थे दोनों; नगर थाना पुलिस ने परिजनों को दी सूचना, जांच शुरू
घटना को अंजाम देने के बाद युवक कमरा खोलकर बाहर भागने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान जलती हुई अवस्था में ही युवती ने उसे कसकर पकड़ लिया। जब शरीर में तेज जलन होने लगी, तब उसने युवक को छोड़ा और कमरे का दरवाजा खोलकर मदद की गुहार लगाने लगी। शोर सुनते ही आसपास के लोग और होटल कर्मी दौड़े।
परिजनों के पहुंचने पर आगे की कानूनी कार्रवाई: थानाध्यक्ष
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता की नानी और युवक की मां व मौसी खगड़िया सदर अस्पताल पहुंच गईं। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। नगर थानाध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि डायल 112 की मदद से दोनों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया है। दोनों पक्षों के परिजनों को घटना से अवगत करा दिया गया है। परिजनों के लिखित आवेदन और औपचारिक बयान दर्ज होने के बाद मामले में सुसंगत धाराओं के तहत अग्रतर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
