Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    खगड़िया: मिड-डे मील की थाली में दिखा 'सांप का बच्चा', 170 से ज्यादा बच्चों की तबीयत बिगड़ी

    Updated: Thu, 23 Jul 2026 09:40 PM (IST)

    खगड़िया के कन्या मध्य विद्यालय भूतौली मालपा में मध्याह्न भोजन में सांप जैसे कीड़े के मिलने से हड़कंप मच गया। घबराहट में कुछ बच्चों की तबीयत बिगड़ी, ले ...और पढ़ें

    मिड-डे मील की थाली में दिखा 'सांप का बच्चा', 170 से ज्यादा बच्चों की तबीयत

    मिड-डे मील की थाली में दिखा 'सांप का बच्चा', 170 से ज्यादा बच्चों की तबीयत

    HighLights

    1. खगड़िया स्कूल में मध्याह्न भोजन में मिला सांप जैसा कीड़ा।

    2. बच्चों में घबराहट फैली, सभी को अस्पताल ले जाया गया।

    3. सभी बच्चे सुरक्षित, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई।

    जागरण संवाददाता, खगड़िया। जिले के चौथम प्रखंड अंतर्गत कन्या मध्य विद्यालय भूतौली मालपा में उस समय अफरातफरी का माहौल हो गया, जब मध्याह्न भोजन खाने के दौरान बच्चों ने भोजन में सांप का बच्चा मिलने की शिकायत की। बच्चों के शोर मचाने पर आस-पास के लोग भी जुट गए और भोजन में सांप का बच्चा मिलने की बात कहकर हंगामा शुरू कर दिया।

    मध्याह्न भोजन खाने वाले बच्चों के अभिभावक उनका कुशल-क्षेम पूछने लगे। इससे बच्चे भी घबरा गए। घबराहट में कुछ बच्चों की तबीयत भी बिगड़ गई, जिसे देखकर लोग और भी घबरा गए। लोग बच्चों को लेकर अस्पताल जाने लगे।

    सूचना मिलने पर बीईओ के साथ बीडीओ रंजीत कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी पहुंचे। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालय के बच्चों को एंबुलेंस व अन्य वाहनों से सीएचसी पहुंचाया गया।

    ग्रामीणों का कहना था कि 170 से अधिक बच्चों को चौथम सीएचसी लाया गया, जहां हालात सामान्य होने पर बच्चों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। सूचना मिलने पर सदर एसडीओ धनंजय कुमार और जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार गोंड भी सीएचसी पहुंचे। वहां उन्होंने सभी बच्चों का हालचाल जाना।

    अभिभावकों ने बताया कि गुरुवार को मध्याह्न भोजन में चावल और हरी सब्जी मिश्रित दाल परोसी गई थी। एक बच्चे की नजर भोजन में सांप के बच्चे जैसे कीड़े पर पड़ी, जिसे देखकर बच्चे को उबकाई आ गई और वह उल्टी करने लगा। इधर, भोजन में सांप होने की बात तेजी से फैली, जिससे विद्यालय में अफरातफरी मच गई।

    महेशखूंट के दादा जेपी अस्पताल के डॉक्टर दीपक भी बच्चों का सहयोग करने में जुट गए। देखते-ही-देखते सीएचसी बच्चों और अभिभावकों की भीड़ से भर गया। हालांकि, सभी बच्चे सुरक्षित हैं।

    इधर, अनहोनी की आशंका आग की तरह फैल गई। चौथम प्रखंड प्रशासन के अधिकारियों समेत जिला मुख्यालय के अधिकारियों ने भी वहां पहुंचकर हालात का जायजा लिया।

    बीडीओ रंजीत कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर वे विद्यालय पहुंचे; भोजन में सांप के बच्चे जैसा कोई कीड़ा था, जिससे सभी घबराए हुए थे।

    उन्होंने बताया कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए विद्यालय के लगभग सभी बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण सीएचसी में कराया गया। सभी स्वस्थ थे। घबराहट में कुछ बच्चों की तबीयत थोड़ी बिगड़ी थी, जो उपचार के बाद ठीक हैं।

    इधर, जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार गोंड ने बताया कि सीएचसी में बच्चों को देखा गया। अभिभावकों से विस्तृत जानकारी ली गई। भोजन में सांप जैसा कोई कीड़ा मिलने की बात सामने आई।

    जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि भोजन में कीड़ा मिलना लापरवाही है। दोषी शिक्षकों और अन्य पर प्रावधान के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। यह गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।

    खबरें और भी