बिहार में होमवर्क नहीं करने पर शिक्षक ने कराई उठक-बैठक, 7 छात्राएं अस्पताल में भर्ती
खगड़िया के मानसी स्थित एक स्कूल में होमवर्क न करने पर शिक्षक ने छात्रों को उठक-बैठक कराई, जिससे सात छात्राएं बीमार पड़ गईं और उन्हें अस्पताल में भर्ती ...और पढ़ें

बिहार में होमवर्क नहीं करने पर शिक्षक ने कराई उठक-बैठक (AI Generated Image)
HighLights
शिक्षक ने होमवर्क न करने पर छात्रों को उठक-बैठक कराई।
सात छात्राएं बीमार पड़कर अस्पताल में भर्ती हुईं।
अधिकारियों ने शिक्षक पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
जागरण संवाददाता, खगड़िया। खगड़िया के मानसी नगर पंचायत अंतर्गत एकनिया मध्य विद्यालय में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब होमवर्क बनाकर नहीं लाने पर स्कूल के एक शिक्षक ने वर्ग छह के कई छात्र-छात्राओं को उठक-बैठक कराया। इस दौरान सात छात्राएं जमीन पर गिर गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मानसी के बीडीओ व सीओ उक्त विद्यालय पहुंचे। मानसी थाना- पुलिस भी पहुंची। बाद में सदर एसडीओ धनंजय कुमार भी विद्यालय पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
मालूम हो कि घटना बाद विद्यालय में अभिभावकों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। वे आक्रोशित थे। अधिकारियों के समझाने-बुझाने बाद शांत हुए।
सूचना पर मानसी सीएचसी से डाक्टर भी पहुंचे और सभी छात्राओं को अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी। सभी सात छात्राओं को मानसी सीएचसी लाया गया। जहां आरंभिक उपचार के बाद सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
इधर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने प्रावधान के विपरीत कार्य करने वाले शिक्षक और विद्यालय के प्रधान से जवाब-तलब किया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कार्रवाई की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
विद्यालय के कुछेक शिक्षकों ने बताया कि छात्र-छात्राओं को होमवर्क नहीं बनाकर लाने पर उसे उक्त शिक्षक द्वारा उठक- बैठक कराया गया। छात्र तो ठीक-ठाक रहे, मगर सात छात्राएं पैर में दर्द होने की बात कह जमीन पर बैठ गई। संभव है कि कड़ी धूप के चलते ऐसा हुआ हो। हालांकि, उतनी गंभीर बात नहीं थी, आगे क्या हुआ उनलोगों को नहीं मालूम।
किसी स्तर पर बच्चों के साथ ऐसा नहीं करना था। उक्त विद्यालय के एक शिक्षक ने मनमानी की है। प्रधानाध्यापक और उक्त शिक्षक से जवाब तलब किया गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर निलंबन की प्रकिया अपनाई जाएगी। अन्य विद्यालयों के प्रधान और शिक्षकों को हिदायत दी गई है कि भविष्य में ऐसी हरकत सामने नहीं आए। - अमरेंद्र कुमार गोंड, जिला शिक्षा पदाधिकारी, खगड़िया
एक शिक्षक ने विद्यार्थियों से उठक-बैठक कराया। अभिभावक आक्रोशित थे। जिन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया गया। जिला शिक्षा पदाधिकारी से संबंधित शिक्षक पर कार्रवाई को लेकर कहा गया है। - धनंजय कुमार, सदर एसडीओ खगड़िया