आशिक के लिए सुहाग का कत्ल: जमुई के JE हत्याकांड का पर्दाफाश, MVI पत्नी-प्रेमी और शूटर अरेस्ट
खगड़िया में विद्युत कर्मी देव कुमार गुंजन की हत्या का खुलासा हो गया है। उनकी पत्नी स्मिता कुमारी और प्रेमी अजीत ने सुपारी देकर हत्या करवाई थी। ...और पढ़ें

जमुई के JE हत्याकांड का पर्दाफाश, MVI पत्नी-प्रेमी और शूटर अरेस्ट (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, खगड़िया। मानसी-सहरसा रेलखंड के बदलाघाट स्टेशन के समीप बीते 11 जून की रात जनसाधारण एक्सप्रेस से अपनी पत्नी से मिलने सुपौल जा रहे जमुई के विद्युत कर्मी देव कुमार गुंजन को अपराधियों द्वारा गोली मारे जाने और इलाज की दौरान मौत होने के मामले का पर्दाफाश हो गया है।
देव कुमार गुंजन जिस पत्नी से मिलने जा रहे थे, वही पत्नी उनकी हत्या के लिए सुपारी देकर बैठी थी। देव कुमार गुंजन की पत्नी स्मिता कुमारी सुपौल परिवहन विभाग में एमवीआई के पद पर कार्यरत हैं। जिसने अपनी पति की हत्या सुपारी देकर करवाई। घटना के एक माह बाद रेल पुलिस ने इस मामले का पर्दाफाश किया है।
कटिहार रेल एसपी हरिशंकर कुमार के निर्देश पर रेल एसडीपीओ सुबोध कुमार, मानसी रेल थानाध्यक्ष रवि कुमार और खगड़िया रेल थानाध्यक्ष मु. अलाउद्दीन की टीम द्वारा मृतक की पत्नी स्मिता, जहानाबाद के शूटर राजू उर्फ धीरज और स्मिता के प्रेमी अजीत कुमार को गिरफ्तार किया गया है।
टीम द्वारा मृतक की पत्नी और सुपौल में पदस्थापित एमवीआई स्मिता की घटना में प्रयुक्त मोबाइल और सिम, सुपारी किलर राजू कुमार उर्फ धीरज का घटना में प्रयुक्त सिम और मोबाइल के अलावा अजीत का मोबाइल और सिम बरामद किया गया है।
खबरें और भी
इधर, कटिहार रेल एसपी हरिशंकर कुमार ने एसआईटी में शामिल पुलिस अधिकारियों व कर्मियों की तत्परता और कुशल अनुसंधान को लेकर इतनी बड़ी सफलता हाथ लगने की बात कही है। गिरफ्तार सुपारी किलर पर पूर्व से जहानाबाद के थाने में गंभीर प्रकृति के केस दर्ज होने का पता चला है।
सामने आया कि घटना की रात जमुई में पदस्थापित विद्युत कर्मी देव कुमार गुंजन सुपौल जिले में पदस्थापित अपनी एमवीआई पत्नी स्मिता कुमारी से मिलने जा रहे थे कि जनसाधारण एक्सप्रेस में बदलाघाट स्टेशन के समीप उन्हें गोली मारकर जख्मी कर दिया गया। जिनकी मौत उपचार के दौरान हो गई।
मामले को लेकर रेल एसपी द्वारा एसआइटी का गठन किया गया। टीम ने वैज्ञानिक और तकनीक जांच कर मामले का पर्दाफाश किया।
गिरफ्तार अजीत कुमार ने बताया कि मेरे और स्मिता के बीच प्रेम में स्मिता के पति देव कुमार गुंजन बाधा बन रहा था। अजीत और स्मिता ने साजिश के तहत सुपारी देकर शूटर से पति को गोली मरवाया। तीनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रकिया अपनाई जा रही है।
एसआईटी में शामिल पुलिस अधिकारियों और कर्मियों ने सराहनीय काम करके पेचिदा मामले को सुलझाकर आरोपितों की गिरफ्तारी कर उत्कृष्ट भूमिका निभाई है। मामले की स्पीडी ट्रायल चलाकर आरोपितों को अदालत से सजा दिलाने की कारगर प्रक्रिया अपनाई जाएगी। - हरिशंकर कुमार, रेल एसपी, कटिहार
यह भी पढ़ें- खगड़िया: ट्रेन में घुसकर 3 बदमाशों ने JE के सीने में मारी गोली, पत्नी से मिलने जा रहे थे सुपौल