बिहार में यूट्यूबर की काली करतूत: वीडियो बनाने की आड़ में बेचता था गोलियां, जखीरे के साथ गिरफ्तार
खगड़िया में यूट्यूबर मु. जफर अली को 115 जिंदा कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया गया है। वह राहुल कुमार के साथ मिलकर बाहर से कारतूस खरीदकर अपराधियों को ऊंच ...और पढ़ें

खगड़िया में यूट्यूबर जफर अली कारतूसों की अवैध खरीद-बिक्री में गिरफ्तार
HighLights
यूट्यूबर मु. जफर अली 115 जिंदा कारतूसों के साथ गिरफ्तार।
राहुल कुमार भी 29 कारतूस और नकदी के साथ पकड़ा गया।
दोनों बाहरी जिलों से कारतूस खरीदकर अपराधियों को बेचते थे।
जागरण संवाददाता, खगड़िया। बड़ी संख्या में कारतूस के साथ यूट्यूबर मु. जफर अली की गिरफ्तारी बाद हड़कंप मचा हुआ है। यूट्यूबर मु. जफर अली से पूछताछ में मिले सुराग का पुलिस सत्यापन कर रही है। मु. जफर अली की काली करतूत सामने आने के बाद हर कोई दंग है।
मालूम हो कि सूचना पर एसपी भानू प्रताप सिंह के निर्देश पर एक टीम गठित की गई। टीम में गंगौर ओपी अध्यक्ष श्यामसुंदर पासवान, पुलिस अवर निरीक्षक एसएम अख्तर, डीआईयू व एसटीएफ शामिल रहे।
इस दौरान खगड़िया-बखरी पथ के दाढी मोड के समीप की गई कार्रवाई के दौरान राहुल कुमार को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक बाइक, 29 जिंदा कारतूस, 95,200 नकदी बरामद की गई।
टीम द्वारा सख्ती से पूछताछ में उसने जलकौड़ा के एक व्यक्ति के साथ मिलकर अवैध ढंग से कारतूस की बिक्री की बात स्वीकार की। राहुल जंगली मंडल टोला का रहने वाला है।
इधर, टीम द्वारा जलकौड़ा के जफर अली के घर पर छापामारी की गई। उसे गिरफ्तार किया गया। उसके घर से 115 जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
एसपी भानू प्रताप सिंह ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि लगातार गुप्त सूचना मिल रही थी। मजबूत कार्रवाई को लेकर टीम गठित की गई। टीम द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान यह सफलता हाथ लगी।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों में जलकौड़ा का जाफर अली यूट्यूबर बताया जा रहा है। पूछताछ में सामने आया कि दोनों बाहर के जिले से गोली की खरीद कर ऊंची कीमतों पर खगड़िया व अन्य जगहों के अपराधियों को सप्लाई करते थे। दोनों के पास से मोबाइल भी बरामद किया गया है, जिसकी गहन जांच की जा रही है।
इघर, क्षेत्र के लोगों का कहना है कि लंबे समय से जाफर अली यूट्यूबर बनकर इसकी आड़ में गलत कार्यों को अंजाम देता था। कारतूस की तस्करी में उसकी संलिप्तता सामने आने के बाद कई के होश उड़े हुए हैं। कई को आशंका है कि कहीं गोली की खरीद-बिक्री में उनके भी नाम सामने न आ जाएं। एसपी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है।