नेपाल से तस्करी कर लाई जा रही 70 बकरियां जब्त, SSB की ने 7 तस्करों को किया गिरफ्तार
एसएसबी ने भारत-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई करते हुए नेपाल से भारत लाई जा रही 70 बकरियों को जब्त किया। ...और पढ़ें

एसएसबी के जवानों ने 70 बकरियां की जब्त। (जागरण)
HighLights
एसएसबी ने भारत-नेपाल सीमा पर बकरियों की तस्करी रोकी।
70 बकरियां, 3 टेंपो, 2 मोटरसाइकिल जब्त; 7 तस्कर गिरफ्तार।
सभी आरोपी और जब्त सामान दिघलबैंक पुलिस को सौंपे गए।
संवाद सूत्र, दिघलबैंक (किशनगंज)। भारत-नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी की 12वीं बटालियन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नेपाल से तस्करी कर भारत लाई जा रही 70 बकरियों को जब्त कर लिया।
कार्रवाई के दौरान तीन टेंपो, दो मोटरसाइकिल और सात आरोपितों को भी गिरफ्तार किया गया। सभी को जब्त मवेशियों व वाहनों के साथ आगे की कार्रवाई के लिए दिघलबैंक थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, एसएसबी को सूचना मिली थी कि नेपाल से बड़ी संख्या में बकरियों की तस्करी कर भारतीय सीमा में प्रवेश कराया जाएगा।
सूचना के आधार पर उपनिरीक्षक प्रफुल्ल कुमार राय के नेतृत्व में एसएसबी के जवानों ने भारत-नेपाल सीमा के बार्डर पिलर संख्या-135 से करीब 200 मीटर भारतीय क्षेत्र में सड़क किनारे नाका लगाया।
इसी दौरान तीन टेंपो और दो मोटरसाइकिल पर बकरियां लादकर कुछ लोग नेपाल से भारतीय सीमा में प्रवेश करते दिखाई दिए।
जवानों ने वाहनों को रोककर पूछताछ की, लेकिन चालक और साथ मौजूद लोग बकरियों की खरीद-बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि नेपाल से बकरियां खरीदकर बहादुरगंज थाना क्षेत्र के बिशनपुर बाजार में बिक्री के लिए ले जाई जा रही थीं।
70 बकरियां बरामद
एसएसबी ने कार्रवाई में 70 बकरियां बरामद कीं। मौके से तीनों टेंपो, दो मोटरसाइकिल और सात आरोपितों को हिरासत में लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों में मोहामारी धनतोला निवासी अब्दुल कलाम, मोहामारी निवासी मोहम्मद निजामुद्दीन, लोहाकछी कुरुबाड़ी निवासी सहीरुद्दीन, मोहामारी निवासी रफीकुल आलम, तफज्जुल हुसैन तथा नेपाल के झापा जिले के इब्राहिम मियां और इब्राहिम अली शामिल हैं।
दिघलबैंक थानाध्यक्ष विपिन कुमार ने बताया कि एसएसबी द्वारा सभी आरोपितों, जब्त मवेशियों और वाहनों को थाना के हवाले किया गया है। आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।