विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देरी बर्दाश्त नहीं, तय वक्त में हो काम! ठाकुरगंज स्टेशन पर सुस्त रफ्तार देख भड़के कटिहार DRM; मुख्य द्वार पर भी सवाल

Published: Thu, 03 Sep 2026 10:52 PM (IST)

कटिहार डीआरएम किरेन्द्र नाराहा ने ठाकुरगंज रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की धीमी ...और पढ़ें

Thakurganj Railway Station Amrit Bharat: ठाकुरगंज में अमृत भारत स्टेशन योजना के काम में ढिलाई पर बिफरे कटिहार DRM, इंजीनियरों को लगाई फटकार

Thakurganj Railway Station Amrit Bharat: ठाकुरगंज में अमृत भारत स्टेशन योजना के काम में ढिलाई पर बिफरे कटिहार DRM, इंजीनियरों को लगाई फटकार

HighLights

  1. डीआरएम ने ठाकुरगंज स्टेशन पर धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई।

  2. अधिकारियों को समय पर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने की चेतावनी दी।

  3. मुख्य द्वार और फुट ओवरब्रिज के विस्तार की मांग उठी।

संवाद सूत्र, ठाकुरगंज (किशनगंज)। Thakurganj Railway Station Amrit Bharat: अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत सीमावर्ती ठाकुरगंज रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों में अपेक्षित तेजी न आने पर कटिहार रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) किरेन्द्र नाराहा ने गुरुवार को कड़ा रुख अपनाया। स्टेशन परिसर में निर्माण कार्यों की सुस्त रफ्तार देख डीआरएम अधीनस्थ रेलवे अधिकारियों और कार्यदायी एजेंसी के अभियंताओं पर जमकर बिफरे। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना में किसी भी स्तर पर लेटलतीफी या हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीआरएम ने स्टेशन परिसर पहुंचकर यात्री सुविधाओं से जुड़े भवनों, सर्कुलेटिंग एरिया, शेड और अन्य आधारभूत संरचनाओं के विकास कार्यों का चप्पे-चप्पे पर जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित तकनीकी अधिकारियों से कार्य प्रगति, सामग्री की गुणवत्ता और परियोजना की निर्धारित समय-सीमा की बिंदुवार समीक्षा की।

  • अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत ठाकुरगंज रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य की धीमी प्रगति पर कटिहार डीआरएम ने जताई सख्त नाराजगी

  • प्रवर अनुभाग अभियंता (कार्य) रूपेश कुमार को लगाई फटकार; निर्माण कार्य की गति और सामग्री की गुणवत्ता पर कड़ी निगरानी रखने का दिया अल्टीमेटम

  • डीआरएम किरेन्द्र नाराहा ने स्टेशन भवन, यात्री शेड और आधारभूत ढांचे का किया स्थलीय निरीक्षण; बोले- जल्दबाजी में गुणवत्ता से समझौता न हो

  • नगर पंचायत के मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल ने उठाया स्टेशन के मुख्य द्वार और फुट ओवरब्रिज की चौड़ाई कम होने का मुद्दा; विस्तार की मांग

काम की गति बेहद धीमी पाए जाने पर डीआरएम ने प्रवर अनुभाग अभियंता (कार्य) ठाकुरगंज रूपेश कुमार को मौके पर ही कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने दो टूक कहा कि समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करना हर हाल में सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम यात्रियों को इन आधुनिक सुविधाओं का लाभ तय वक्त पर मिलना शुरू हो सके।

रफ्तार के साथ गुणवत्ता मानकों से न हो कोई समझौता

डीआरएम किरेन्द्र नाराहा ने निर्माण सामग्री और फिनिशिंग की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि काम में तेजी लाने का मतलब यह कतई नहीं है कि गुणवत्ता की बलि चढ़ा दी जाए। जल्दबाजी के कारण निर्माण कार्य के तकनीकी मापदंड प्रभावित नहीं होने चाहिए।

उन्होंने इंजीनियरिंग शाखा के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे आपसी समन्वय बनाकर प्रतिदिन निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग करें और सामग्री की लैब टेस्टिंग रिपोर्ट नियमित रूप से संधारित रखें। काम में किसी भी तरह की तकनीकी खामी मिलने पर संबंधित अभियंताओं की सीधी जवाबदेही तय की जाएगी।

मुख्य द्वार और एफओबी की चौड़ाई बढ़ाने का उठा मुद्दा

निरीक्षण के दौरान ठाकुरगंज नगर पंचायत के मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ डीआरएम से मुलाकात की और जनहित से जुड़े कई तकनीकी सुझाव रखे। मुख्य पार्षद ने योजना के तहत प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी), फुट ओवरब्रिज (एफओबी) और स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के नक्शे पर ध्यान आकृष्ट कराया।

उन्होंने विशेष तौर पर रेखांकित किया कि मुख्य प्रवेश द्वार की प्रस्तावित चौड़ाई अपेक्षाकृत काफी कम रखी गई है। भविष्य में ठाकुरगंज स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव और यात्रियों की आवाजाही में भारी वृद्धि तय है। ऐसे में यदि मुख्य द्वार संकरा रहा, तो वाहनों के जाम और यात्रियों की भारी भीड़ से भगदड़ जैसी स्थिति बन सकती है। उन्होंने मुख्य द्वार और फुट ओवरब्रिज को भविष्य की 20-30 वर्षों की जरूरतों के अनुरूप अधिक चौड़ा और सुगम बनाने की मांग की।

डीआरएम ने जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए बिंदुओं को संज्ञान में लेते हुए मौके पर मौजूद तकनीकी अधिकारियों से वस्तुस्थिति की समीक्षा की और सकारात्मक समाधान का भरोसा दिया। निरीक्षण के दौरान सीनियर डीएनसी प्रभात रंजन सिंह, सीनियर डीसीएम अनूप सिंह, सीएमआई राज दीप, वार्ड पार्षद अमित सिन्हा और प्रतिनिधि खालिक अंसारी सहित कई वरिष्ठ रेल अधिकारी व स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।