किशनगंज में घुसपैठियों का भंडाफोड़: फर्जी आधार-पैन के साथ 2 बांग्लादेशी समेत 3 अरेस्ट, एजेंटों की तलाश तेज
किशनगंज पुलिस ने विशेष गश्ती अभियान के दौरान दो बांग्लादेशी नागरिकों सहित तीन लोगों को फर्जी भारतीय दस्तावेजों के साथ गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

फर्जी आधार-पैन के साथ 2 बांग्लादेशी समेत 3 अरेस्ट, एजेंटों की तलाश तेज
HighLights
किशनगंज में दो बांग्लादेशी नागरिक समेत तीन गिरफ्तार।
फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और सिम कार्ड बरामद हुए।
पुलिस अवैध प्रवेश और फर्जी दस्तावेज नेटवर्क की जांच कर रही।
जागरण संवाददाता, किशनगंज। सदर थाना पुलिस ने विशेष गश्ती अभियान के दौरान दो बांग्लादेशी नागरिक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बांग्लादेशी नागरिक के पास से फर्जी भारतीय दस्तावेज, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को सदर थाना क्षेत्र के रूईधासा स्थित प्रेमपुल के पास गश्ती कर रही थी। इसी क्रम में एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति पुलिस वाहन को देखकर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा कर दोनों को पकड़कर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान मोटरसाइकिल चालक ने अपना नाम जाकिर हुसैन (24), निवासी महीनगांव डीलर चौक, वार्ड संख्या-09, थाना एवं जिला किशनगंज बताया।
वहीं, पीछे बैठे व्यक्ति ने शुरू में पहचान छिपाने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम मो. हसन शेख उर्फ असनउल्ला मल (32) बताया और खुद को बांग्लादेश के शरियतपुर जिले का निवासी स्वीकार किया।
पुलिस के अनुसार मो. हसन शेख ने पूछताछ में बताया कि वह एजेंटों की मदद से अवैध रूप से भारत में प्रवेश किया था। उसने यह भी बताया कि वह किशनगंज स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के बाद जाकिर हुसैन के संपर्क में आया था और कुछ दिनों तक उसके घर रहने के बाद एजेंट के माध्यम से वापस बांग्लादेश लौटने की योजना थी।
खबरें और भी
तलाशी के दौरान मो. हसन शेख के पास से एक स्मार्टफोन, भारतीय आधार कार्ड, पैन कार्ड, कई सिम कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, भारतीय और बांग्लादेशी मुद्रा तथा अन्य सामान बरामद किए गए। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि आधार कार्ड और पैन कार्ड एजेंटों की मदद से फर्जी तरीके से बनवाए थे।
वहीं, जाकिर हुसैन के पास से वोटर आइडी कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, दो एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन बरामद कर मोटरसाइकिल जब्त कर लिया गया। पुलिस ने बरामद सामानों को विधिवत जब्त कर दोनों आरोपित को गिरफ्तार कर थाना लाया गया है।
वहीं, इन लोगों के निशानदेही पर तैयबा इस्लाम उर्फ तंजीला अख्तर (28) पति जाकिर हुसैन को भी गिरफ्तार किया गया। वह सदर थाना क्षेत्र के महीनगांव डीलर चौक में रह रही थी, जबकि मूल रूप से बांग्लादेश के ढ़ाका नारायणगंज, थाना-रूपगंज, जिला-नारायणगंज की रहने वाली है।
पुलिस बांग्लादेशी नागरिक के साथ-साथ अन्य अज्ञात लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध रूप से सीमा पार कर भारत में प्रवेश कराने वाले एजेंट कौन हैं, फर्जी दस्तावेज कैसे बनाए गए और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन-कौन हैं।
मामले को लेकर सुरक्षा एजेंसियों को भी सूचित किया जाएगा। सदर थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि मामले में जांच चल रही है।