विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

किशनगंज: दहेज में 10 लाख रुपए की मांग, विवाहिता का गला दबाकर फिनाइल पिलाने का आरोप; FIR दर्ज

Published: Mon, 07 Sep 2026 05:16 PM (IST)

किशनगंज में दहेज के लिए एक विवाहिता को प्रताड़ित कर गला दबाकर फिनाइल पिलाने का आरोप है। पीड़िता के पिता ...और पढ़ें

दहेज में 10 लाख रुपए की मांग, विवाहिता का गला दबाकर फिनाइल पिलाने का आरोप

दहेज में 10 लाख रुपए की मांग, विवाहिता का गला दबाकर फिनाइल पिलाने का आरोप

HighLights

  1. दहेज के लिए विवाहिता को प्रताड़ित कर फिनाइल पिलाने का आरोप।

  2. पति, सास-ससुर और देवर पर हत्या के प्रयास का केस।

  3. महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज, पुलिस जांच में जुटी।

संवाद सहयोगी, किशनगंज। एक विवाहिता को ससुराल वालों द्वारा प्रताड़ित करने और कथित रूप से गला दबाकर फिनाइल पिलाकर हत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया है।

पीड़िता के पिता ने रविवार को महिला थाना में आवेदन देकर महिला के पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पीड़िता मुस्कान बेगम की शादी 10 फरवरी 2024 को पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के बगलबाड़ी धनतोला निवासी राहत मदनी के साथ हुई थी।

शादी के करीब नौ माह बाद महिला गर्भवती हुई तो उसे मायके भेज दिया गया। पीड़िता ने मायके पहुंचकर कथित रूप से पति द्वारा मारपीट करने और मायके से 10 लाख रुपये लाने का दबाव बनाने की बात बताई।

आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों से शिकायत करने पर भी रुपए की मांग जारी रही। पंचायती के बाद नवंबर 2025 में पति उसे मुंबई ले गया, लेकिन वहां भी कथित मारपीट के बाद उसे वापस मायके लाया गया। बाद में आश्वासन देकर अप्रैल में दोबारा ससुराल भेजे जाने की बात आवेदन में कही गई है।

पीड़िता के पिता के अनुसार, पांच सितंबर की रात बेटी ने फोन नहीं उठाया। अगले दिन भी संपर्क नहीं होने पर उन्होंने ससुराल पक्ष से जानकारी ली। पहले अस्पताल में भर्ती होने की बात कही गई, लेकिन बाद में ससुराल पहुंचने पर महिला बदहवास अवस्था में मिली।

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार पीड़ित महिला ने अपने मायके वालों को बताया कि पति, सास-ससुर और देवर ने कथित रूप से उसके साथ मारपीट की और गला दबाकर हत्या का प्रयास करते हुए जबरन फिनाइल पिला दिया।

इसके बाद परिजन उसे सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है। महिला थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी ने बताया कि मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ कर दिया गया है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।