बंगाल सीमा से सटे किशनगंज में देर रात एनकाउंटर, बिहार के कुख्यात अपराधी को लगी गोली; इंस्पेक्टर और दारोगा भी जख्मी
किशनगंज में बंगाल सीमा से सटे बालूबाड़ी में पुलिस और अंतरराज्यीय गिरोह के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें कुख्यात अपराधी पवन कुमार घायल हो गया, जबकि इंस्पेक्टर ...और पढ़ें

किशनगंज में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, अंतरराज्यीय गिरोह का सरगना घायल
जागरण संवाददाता, किशनगंज। सदर थाना क्षेत्र के बंगाल सीमा से सटे बालूबाड़ी बस्ती में बुधवार देर रात पुलिस और अंतरराज्यीय अपराध गिरोह के बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में गिरोह का सरगना कटिहार निवासी पवन कुमार उर्फ पवन राय गोली लगने से घायल हो गया।
वहीं कार्रवाई के दौरान इंस्पेक्टर मुश्ताक और दारोगा नीतीश कुमार भी जख्मी हुए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में देर रात तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। सूचना मिलते ही डीएम विशाल राज और एसपी संतोष कुमार मौके पर पहुंचे और हालात की निगरानी शुरू कर दी।
गुप्त सूचना पर पहुंची थी पुलिस
एसपी संतोष कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि अंतरराज्यीय लूट, छिनतई और चोरी गिरोह का सरगना पवन कुमार अपने साथियों के साथ किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से किशनगंज पहुंचा है। सूचना के अनुसार वह बंगाल सीमा से सटे बालूबाड़ी इलाके में छिपा हुआ था। इसके बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर देर रात छापेमारी शुरू की।
पुलिस को देखते ही शुरू कर दी फायरिंग
पुलिस टीम जैसे ही मौके पर पहुंची, बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में दहशत फैल गई। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। एसपी के अनुसार बदमाशों की ओर से चार राउंड और पुलिस की ओर से तीन राउंड फायरिंग की गई। जवाबी कार्रवाई में गिरोह का सरगना पवन कुमार घायल हो गया। गोली उसके पैर में लगी है। मुठभेड़ के दौरान इंस्पेक्टर मुश्ताक और दारोगा नीतीश कुमार भी घायल हो गए। दोनों पुलिस अधिकारियों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
खबरें और भी
-1779307784800.jpg)
कई जिलों में दर्ज हैं मामले
पुलिस के अनुसार घायल अपराधी पवन कुमार उर्फ पवन राय पर बिहार के कई जिलों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। शुरुआती जांच में पटना में चार, मधुबनी में दो, अररिया में दो और किशनगंज में दो मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह लंबे समय से लूट, छिनतई और चोरी की घटनाओं में सक्रिय था।
अस्पताल में चल रहा इलाज
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने पूरे घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी है। घायल अपराधी और घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में भी छापेमारी कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।
सीमा क्षेत्र होने से बढ़ी चुनौती
बालूबाड़ी बस्ती बंगाल सीमा से सटा इलाका है। ऐसे में अपराधियों के लिए सीमा पार कर छिपना आसान माना जाता है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इसी वजह से इस क्षेत्र में अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। एसपी संतोष कुमार ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी हाल में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।